Lok Sabha Election 2024 : उमा भारती ने किया 450 सीटें जीतने का दावा, पीएम मोदी को बताया ‘मसीहाई-करिश्माई-अलौकिक’

बीजेपी नेता ने कहा है कि 'मैं अभी लगभग ढाई महीने हिमालय के प्रवास पर रही हूं वहां विभिन्न राज्यों के तीर्थ यात्री एवं साधु संत मिले, वह मोदी जी के अलावा दूसरा नाम लेते ही नहीं थे। मोदी जी ने कन्याकुमारी में जिस तरह से तप किया, यह एक अलौकिक व्यक्ति ही कर सकता है।'
Uma

Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव की 543 सीटों के लिए सात चरणों में मतदान के बाद अब परिणाम के लिए बस एक ही दिन बाक़ी है। 4 जून को चुनावी नतीजे आ जाएँगे और साफ़ हो जाएगा कि इस बार किसे जनादेश मिला है। इस बीच एग्जिट पोल के अनुमान भी आ चुके हैं, वहीं सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहा है। बीजेपी नेता उमा भारती ने कहा है कि उनकी पार्टी इस बार 450 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

उमा भारती ने कही ये बात

उमा भारती ने एक्स पर लिखा है कि ‘परसों एग्जिट पोल आया, उनके जो भी अनुमान हैं किंतु मेरा अनुमान साढ़े चार सौ से कम नहीं हो सकता। मैं अभी लगभग ढाई महीने हिमालय के प्रवास पर रही हूं वहां विभिन्न राज्यों के तीर्थ यात्री एवं साधु संत मिले, वह मोदी जी के अलावा दूसरा नाम लेते ही नहीं थे। मोदी जी ने कन्याकुमारी में जिस तरह से तप किया, यह एक अलौकिक व्यक्ति ही कर सकता है। आजादी के बाद भगवान की दया से भारत को एक मसीहाई करिश्मे वाला प्रधानमंत्री मिल ही गया। जिस तरह से मोदी जी ने बनारस में भावुकता के साथ गंगा जी की तुलना अपनी मां से की उससे मुझे भरोसा हो गया कि अविरल-निर्मल गंगा का मेरा सपना साकार रूप धारण करेगा। नदी जोड़ो योजना का मॉडल लिंक केन-बेतवा का मेरा सपना भी साकार होगा, इसीलिए मैं अपने प्रधानमंत्री जी पर विश्वास एवं अपने सपने साकार होने की उम्मीद से आनंदित एवं निश्चिंत हूँ।

नतीजों के लिए सिर्फ़ एक दिन बाक़ी

पीएम मोदी ने तो बीजेपी के 400 पार का नारा दिया है लेकिन उमा भारती ने उसमें पचास सीटें और जोड़ ही हैं और कहा है कि उन्हें विश्वास है कि वो 450 सीटें जीतेंगे। इसी के साथ उन्होंने पीएम मोदी को ‘मसीहाई-करिश्माई’ और ‘अलौकिक’ व्यक्ति बताया है। उधर इंडिया गठबंधन भी लगातार अपनी जीत का दावा कर रहा है। फ़िलहाल सिर्फ़ एक दिन बचा है और बुधवार को साफ़ हो जाएगा कि इस बार जनता ने किसे अपनी सरकार के तौर पर चुना है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews