MP News: इन 16 जिलों के 8 लाख से ज्यादा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत, बिजली बिलों में मिली 8.41 करोड़ की छूट

कंपनी द्वारा स्‍मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 'टाइम ऑफ डे' टैरिफ व्यवस्था के तहत सोलर ऑवर (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) में बिजली की खपत पर विशेष छूट प्रदान की जा रही है, जिनका स्वीकृत लोड या अनुबंध मांग 10 किलोवाट तक है।
Electricity bills

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र में आने वाले 16 जिलों के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए मई का महीना बड़ी राहत लेकर आया है। कंपनी की ‘टाइम ऑफ डे’ (ToD) टैरिफ व्यवस्था के तहत सोलर ऑवर (सुबह 9 से शाम 5 बजे) में बिजली इस्तेमाल करने पर उपभोक्ताओं को 20 फीसदी की विशेष छूट दी गई है।

इस योजना से भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 8 लाख 17 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को कुल 8 करोड़ 41 लाख रुपये की छूट का सीधा लाभ मिला है।स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता अपने बिजली उपयोग के समय को प्रबंधित कर ‘टाइम ऑफ डे’ टैरिफ जैसी सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने बिलों में बचत कर सकते हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि स्‍मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक) अवधि के दौरान उपयोग की गई ऊर्जा के लिए ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर पर 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्‍ताओं को 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। स्‍मार्ट मीटर के संबंध में उपभोक्‍ता किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के निराकरण के लिए कॉल सेन्‍टर 1912 अथवा नोडल अधिकारी  कैलाश कुमार चौधरी, प्रबंधक(स्‍मार्ट मीटरिंग सेल) से ईमेल आईडी Smartmeteringcellbhopal@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।

ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आधुनिक तकनीक को अपनाएं और अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए आगे आएं। स्मार्ट मीटर न केवल ऊर्जा संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि यह उपभोक्ताओं को अपनी खपत के प्रति जागरूक कर आर्थिक लाभ भी दिला रहा है। स्मार्ट मीटर हर 15 मिनट में बिजली खपत का सटीक डेटा रिकॉर्ड करते हैं और खपत का डेटा स्वचालित रूप से बिलिंग सर्वर को प्राप्त होता है, जिससे मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश नहीं रहती और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews