फिर सवालों के घेरे में MP PWD, डामर के ऊपर ही सीसी रोड बनाने का कांग्रेस ने लगाया आरोप, पूछा…

कांग्रेस ने सड़क निर्माण कार्य मे की जा रही अनियमितता और भ्र्ष्टाचार की शिकायत जिम्मेदार विभाग से की है और दोषियों पर करवाई करने की मांग की है।
Bhopal PWD Road

मध्य प्रदेश का लोक निर्माण विभाग यानि PWD एक बार फिर विवादों में है, इस बार राजधानी के 90 डिग्री पुल का मामला नहीं है और ना ही किसी और शहर के पुल का है, ये मामला है राजधानी भोपाल की एक सड़क का, जिसे हाल ही में बनाया गया है, इसे लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाये हैं और कई सवाल पूछे हैं।

राजधानी भोपाल में बिट्टन मार्किट से 10 नंबर मार्केट के बीच हाल ही में बनाई गई सड़क चर्चा का विषय बनी हुई है, कांग्रेस का कहना है कि PWD ने बनी हुई डामर की सड़क पर ही सीसी रोड बना दी, कांग्रेस ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसे जनता के पैसों की बर्बादी बताया है।

PWD की सड़क और कांग्रेस के आरोप 

कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि बिट्टन मार्किट से 10 नंबर मार्केट के बीच अधिकारियों और ठेकेदार की साठगांठ से रातों-रात अमानक सड़क का निर्माण कर दिया गया जिसको लेकर क्षेत्रीय लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा PWD द्वारा वर्तमान में अरेरा पेट्रोल पंप से वन्देमातरम चौराहे तक और वहां से ई-4, 99 तक डामर सड़क पर White topping (कंक्रीट) कर सड़क की ऊंचाई को 6 से 8 इंच उठाया गया है एवं इस कार्य में नाली बनाने का कार्य शामिल नहीं है जिससे भविष्य में जल निकासी की समस्या पैदा होगी।

सड़क निर्माण में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन दिशानिर्देशों के उल्लंघन का आरोप 

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, सड़क निर्माण में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया जा रहा है, शहरी बाढ़ प्रबंधन, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार के अनुच्छेद 4.13.3 शहरी सड़क स्तर एवं 4.13.3.1 अनुसार समस्त राज्यों एवं नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया है कि सभी सड़क पुनः समतलीकरण कार्य या सुदृढ़ीकरण/ओवरले कार्य सड़क की मौजूदा परतों की मिलिंग (खोद कर) किए जाएँगे जिससे सड़क के स्तर को बढ़ने न दिया जाए। लेकिन इस कार्य में इस मानक का उल्लंघन हुआ है, जिससे कॉलोनी में जल भराव एवं शहरी बाढ़ की संभावनाएं है साथ ही यातायात की समस्या बढ़ गई है।

दुर्गादास चौराहे पर जल भराव की समस्या का समाधान आज तक नहीं हुआ 

विवेक त्रिपाठी ने कहा, वर्षों से पीडब्ल्यूडी द्वारा दुर्गादास चौराहे पर जल भराव की समस्या का समाधान आज दिनांक तक नहीं किया गया है जिसकी शिकायत निरंतर क्षेत्रीय निवासियों द्वारा नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को की जा रही है परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई,अब इस प्रकार कंक्रीट की सड़क को उठाने से ई-4 और आसपास के घरों में जल भराव होने की पूरी संभावनाएं है।

सीवर लाइन डाला जाना प्रस्तावित, फिर भी बना दी सड़क 

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि जब क्षेत्र में नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से सीवर लाइन डालने का कार्य कार्य किया जा रहा है जिसके चलते खुदाई होना प्रस्तावित है उस से ठीक पहले सड़क निर्माण करना विभागों की आपसी समंजस्य में कमी, भ्रष्टाचार को उजागर करता है जिसके कारण विशुद्ध रूप से जनता के पैसों की बर्बादी की जा रही है।

ठेकेदार ने स्थानीय लोगों को दिया ये जवाब  

कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि जब रहवासियों द्वारा जब इन सब सवालों के साथ ठेकेदार से संपर्क किया  तो ठेकेदार ने कहा कि सड़क निर्माण विभाग द्वारा उपलब्ध ड्रॉइंग और वर्क ऑडर के हिसाब से ही किया जा रहा है। जब जिम्मेदार अधिकारी को शिकायत दर्ज करवाई गई कि इस टेंडर में नाली निर्माण कार्य नहीं होने से भविष्य में जलभराव होगा तो उनका कहना था कि नाली के लिए अलग से टेंडर निकाल दिया जाएगा।

[dgv_vimeo_video id=”1127823477″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews