SIR पर सियासी घमासान: जीतू पटवारी बोले “MP में चल रहा है वोट चोरी का नया भाजपा मॉडल”, BJP पर पात्र मतदाताओं के वोट कटवाने का आरोप

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी कार्यालयों और विधायक कार्यालयों के माध्यम से शिकायत-फॉर्म बांटे जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल कांग्रेस समर्थक पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए किया जा रहा है।
MP Congress Jitu Patwari

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न के दौरान मतदाता सूची संशोधन को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि SIR के नाम पर मध्यप्रदेश में वोट चोरी का एक नया “भाजपा मॉडल” चल रहा है और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं।

एक दिन पहले ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर लिखित ज्ञापन सौंपा था। इसी के साथ जीतू पटवारी ने चेतावनी भी दी थी कि जो भी बीएलओ बीजेपी के दबाव में आकर काम कर रहे हैं उनके खिलाफ और किसी भी बूथ पर अवैध रूप से नाम जोड़ने या हटाने की अनियमितता पाई गई तो कांग्रेस एफआईआर दर्ज कराएगी।

जीतू पटवारी ने ऑडियो शेयर कर बीजेपी पर लगाए आरोप

अब एक बार फिर कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक ऑडियो फाइल शेयर की है। इसमें कथित रूप से एक बीजेपी कार्यकर्ता और आम नागरिक के बीच हो रही बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत का ब्यौरा कुछ इस प्रकार है:

  • आम नागरिक : आपने एसआईआर फॉर्म में मेरे नाम की शिकायत किस हैसियत से की है।
  • कथित बीजेपी कार्यकर्ता :  ये फॉर्म विधायक कार्यालय से नगर अध्यक्ष ने दिए थे पार्टी के नाते मैंने अपना काम किया है।
  • आम नागरिक : आप मुझे जानते हो क्या।
  • कथित बीजेपी कार्यकर्ता :  ये फॉर्म मैंने टाइप नहीं किया है।
  • आम नागरिक : क्या आप जानते है कि अगर गलत शिकायत होती है तो एक साल की सजा है।
  • कथित बीजेपी कार्यकर्ता : आप अपना काम करो मैंने आपको पहले ही बता दिया है कि विधायक कार्यालय से फॉर्म भेजे गए है। हम पार्टी का काम करते हैं।
  • आम नागरिक : तो क्या आप किसी की भी शिकायत कर दोगे। ये पार्टी लेवल का काम है या सरकार का काम है। जब आप मुझे जानते ही नहीं हो तो आपको शिकायत करने का क्या अधिकार है।
  • कथित बीजेपी कार्यकर्ता : मुझे पार्टी ने जो आदेश किया वो कर दिया।
  • आम नागरिक : मैं एफआईआर कर दूं आपके नाम पर।
  • कथित बीजेपी कार्यकर्ता : कर दो कोई दिक्कत नहीं है..मैं खुद कह दूंगा इन्होंने भेजा है मुझे फॉर्म।
  • आम नागरिक : क्या नाम है आपका।
  • कथित बीजेपी कार्यकर्ता : भगवत सिंह नवोड़ा। जो सिस्टम विधायक कार्यालय से दिया है मैंने अपनी मर्जी से नहीं किया।

वोट चोरी का आरोप लगाकर बीजेपी को घेरा

इस ऑडियो को शेयर करते हुए जीतू पटवारी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी कार्यालयों से उनके कार्यकर्ताओं को हजारों शिकायत-फार्म वितरित किए जा रहे हैं, ताकि कांग्रेस समर्थक पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटवाए जा सकें। उन्होंने कहा है कि हर बूथ पर बीजेपी कार्यकर्ता 25 से 50 कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने के आवेदन दे रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में बीजेपी के लोग लोकतंत्र का खुला चीरहरण कर रहे हैं और यहां वोट चोरी का एक नया “भाजपा मॉडल” चल रहा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews