विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर, मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के आवेदन आमंत्रित, ये है लास्ट डेट

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत् विद्यार्थियों के लिये 30 अक्टूबर तक ऑनलाईन या ऑफलाईन आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि निर्धारित की गयी है।
Divyangjan

दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिये मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री दिव्‍यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना संचालित की जा रही है। इसमें मध्य प्रदेश के मूलनिवासी दिव्यांगजन, जिनमें अस्थिबाधित द्वारा गत परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक तथा अन्य श्रेणी में 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए है उनसे वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिये ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये है।

शासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक विद्यार्थी अपना आवेदन 31 अक्टूबर तक स्पर्श पोर्टल पर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्रों की जांच 15 नवम्बर तक होगी और अंतिम सूची का प्रकाशन 30 नवम्बर तक किया जाएगा। स्वीकृत आवेदन पत्रों में पात्रतानुसार छात्रों को लैपटॉप अथवा मोट्रेट ट्राइसाइकल, विश्व दिव्यांग दिवस 3 दिसम्बर 2025 को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वितरित की जायेगी।

स्पर्श पोर्टल ओपन, जिला अधिकारियों को निर्देश 

सामाजिक न्याय विभाग के आयुक्त ने बताया कि स्पर्श पोर्टल ओपन कर दिया गया है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने जिले से अधिक से अधिक पात्र दिव्‍यांग छात्र/छात्राओं को योजना हेतु आवेदन करने के लिये प्रोत्‍साहित करें एवं जिला अधिकारी आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण करना सुनिश्चित करें।

दिव्यांग विद्यार्थियों के चयन हेतु पात्रता एवं मापदण्ड 

  • दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित एवं बौद्धिक दिव्यांगता श्रेणी के छात्र/छात्राएं जो प्रथम बार कक्षा 9वी में प्राप्तांक 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करती हैं और कक्षा 10वीं में प्रथम बार प्रवेश लेते हैं तब ही उन्हें लेपटॉप प्रदाय किया जायेगा।
  • अस्थिबाधित दिव्यांग श्रेणी के छात्र/छात्राओं को प्रथम बार 9वीं कक्षा में प्राप्तांक 60 प्रतिशत होने पर कक्षा 10वीं में प्रथम बार प्रवेश लेते है तब ही उन्हें लेपटॉप प्रदाय किया जायेगा।
  • अस्थिबाधित श्रेणी (शरीर का निचला भाग प्रभावित होने से चलने में अक्षम, न्यूनतम 60 प्रतिशत दिव्यांगता) के विद्यार्थियों को 10 वीं में प्रथम बार प्रवेश लेने पर अथवा स्नातक में प्रवेश लेने पर (एक ही बार) मोट्रेट ट्राईसायकिल (बैटरी चलित) प्रदाय की जायेगी।
  • दिव्यांग विद्यार्थी आईटीआई में कम्प्यूटर ऑपरेटर, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट पाठ्यक्रम अथवा कम्प्यूटर आधारित किसी अन्य पाठ्यक्रम में प्रवेश लेते है तब कक्षा 9 वीं में प्राप्तांक 50 अथवा 60 प्रतिशत होने की शर्त लागू नहीं होगी।
  • किसी भी स्थिति में द्वितीय बार लेपटॉप/मोट्रेट ट्रायसिकल प्रदाय नहीं की जायेगी तथा वहीं पूर्व में शासन की किसी भी योजनान्तर्गत लेपटॉप प्राप्त नहीं किया गया हो।
  • वित्तीय वर्ष 2025-26 में अध्ययनरत् विद्यार्थियों के लिये 30 अक्टूबर तक ऑनलाईन या ऑफलाईन आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि निर्धारित की गयी है।

मध्य प्रदेश सरकार स्कूली शिक्षा के प्रोत्साहन के लिए कई योजनायें चला रही है, स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से जहाँ सामान्य विद्यार्थियों के लिए योजनायें संचालित की जा रही हैं वहीं सामाजिक न्याय विभाग के द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए कई योजनायें संचालित की जा रही हैं जो उन्हें लाभ पहुंचा रही हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews