MP College: 1 मई से UG में शुरू होंगे एडमिशन, उच्‍च शिक्षा विभाग ने दिशा निर्देश, हेल्पलाइन और टोल फ्री नंबर किये जारी

उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प सेंटर, जागरूकता अभियान एवं सतत मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इससे अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगे और कॉलेज में एडमिशन ले सकेंगे
college admission

college admission

मध्य प्रदेश के कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया की जानकारी उच्च शिक्षा विभाग (MP College Admission) ने जारी कर दी है, विभाग ने इसे X पर भी शेयर कर दिया है, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में स्नातक स्तर (UG) के पाठ्यक्रमों में प्रवेश 1 मई से शुरू हो रही है, शासन ने विद्यार्थियों के लिए दिशा निर्देश, हेल्पलाइन नंबर और टोल फ्री नंबर जारी कर दिए हैं।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी प्रवेश प्रक्रिया के तहत यूजी में एडमिशन का पहला चरण 1 मई से 26 मई तक होगा, दूसरा चरण 28 मई से 13 जून तक चलेगा वहीं तीसरा सीएलसी प्रथम चरण  15 जून से 30 जून तक चलेगा, इन तीनों चरणों में ऑनलाइन आवेदन से लेकर एडमिशन तक की पूरी प्रक्रिया शामिल रहेगी।

सभी कॉलेजों में होंगे एडमिशन हेल्प सेंटर 

उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं। विभाग द्वारा जारी किए गए निर्देश के अनुसार प्रदेश के सभी कॉलेजों में एडमिशन हेल्प सेंटर/एडमिशन हेल्प डेस्क खोली जायेंगी जिससे एडमिशन लेने वाले विद्यार्थी वहां संपर्क कर सकें।

कॉलेज चलो अभियान का दूसरा चरण

उच्च शिक्षा विभाग इस दौरान कॉलेज चलो अभियान का दूसरा चरण भी चल रहा है, इसमें  एनसीसी/एनएसएस के सहयोग से ड्रॉप-आउट विद्यार्थियों को तलाशा जायेगा फिर उन्हें पढ़ने के लिए फिर प्रेरित किया जायेगा। विभाग इस दौरान विकासखंड स्तर पर “प्रवेश मेले” भी आयोजित करेगा तथा ePravesh ऐप व पोर्टल के माध्यम से पंजीयन को बढ़ावा देगा।

अब हर विद्यार्थी तक पहुंचेगी प्रवेश सुविधा

शासन ने जिला स्तर पर बनाये गए प्रवेश नोडल अधिकारियों को समन्वय सम्बन्धी निर्देश भी जारी किये हैं, ये नोडल अधिकारी कॉलेज में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थी की जिज्ञासाओं और शंकाओं को दूर करेंगे साथ ही उनके द्वारा विद्यार्थी को प्रत्येक चरण में समयबद्ध मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन एवं हेल्पडेस्क

उच्च शिक्षा विभाग ने बताया है कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करने के लिए विभाग ने हेल्पलाइन व्यवस्था बनाई है। हेल्पडेस्क का संचालन 24×7 घंटे किया जाएगा। साथ ही ई प्रवेश संबंधित जानकारी के लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 8000063632 और टोल-फ्री नंबर 18008908399 जारी किए हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews