जीतू पटवारी ने UCC पर MP सरकार को घेरा, कहा “यह ध्यान भटकाने का हथकंडा”, पांच विषयों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, बेरोजगारी, किसानों, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी को राजनीतिक एजेंडा बना रही है। कांग्रेस नेता ने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिलने, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और युवाओं की बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से सवाल किए हैं।
Jitu Patwari

Jitu Patwari

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए समान नागरिक संहिता जैसे विषयों को राजनीतिक एजेंडा बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, बेरोजगारी, स्वास्थ्य, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे गंभीर स्तर पर पहुंच चुके हैं, लेकिन सरकार इन पर चर्चा से बच रही है।

जीतू पटवारी ने कहा कि यूसीसी पर चर्चा हो सकती है, लेकिन उससे पहले सरकार को यह बताना चाहिए कि क्या प्रदेश के सभी बच्चों को समान शिक्षा मिल रही है और युवाओं के लिए रोजगार की क्या व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूसीसी केंद्र सरकार का विषय है, लेकिन राज्य सरकार इसे इसलिए ला रही है ताकि अपनी विफलताओं और भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान भटकाया जा सके।

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार ने सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब, रेत, शिक्षा और खनिज माफिया का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और सरकार इन पर कार्रवाई करने के बजाय जनता के वास्तविक मुद्दों से दूरी बना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का कोई भी मंत्री ईमानदारी से काम करने का दावा नहीं कर सकता।

भारत-अमेरिका ट्रेड डील को मध्य प्रदेश के किसानों के लिए नुकसानदायक बताते हुए कहा कि अमेरिका के किसानों को भारी सब्सिडी मिलती है, जबकि प्रदेश का किसान बढ़ती लागत और कम समर्थन मूल्य से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव के दौरान गेहूं, धान, सोयाबीन और मूंगफली की खरीद को लेकर बड़े वादे किए थे, लेकिन किसानों को घोषित दरों पर फसलों का मूल्य नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार मूंग की खरीद तक ठीक से नहीं कर पाई और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ भी नहीं मिल रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस किसानों के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी। इसी क्रम में 24 जुलाई को हरदा, नर्मदापुरम और नरसिंहपुर में ट्रेड डील और किसान हितों के मुद्दे पर कांग्रेस आंदोलन करेगी, जिसमें वह स्वयं शामिल होंगे।

शिक्षा और युवाओं के भविष्य पर सवाल 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और बेरोजगारी युवाओं के लिए सबसे बड़ा संकट बन गई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार अनियमितताएं सामने आई हैं। नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कई छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई नैतिक जिम्मेदारी नहीं ली। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधीलगातार छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह इंदौर में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं और युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

पांच श्वेत पत्र जारी करने की मांग

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से प्रदेश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने के लिए इन विषयों पर पांच श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।

  • मध्य प्रदेश की वर्तमान आर्थिक स्थिति पर।
  • कृषि और किसानों की वास्तविक स्थिति पर।
  • शिक्षा और रोजगार की स्थिति पर।
  • करोड़ों रुपये खर्च कर आयोजित इन्वेस्टर मीट के वास्तविक परिणामों पर।
  • प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार और उससे जुड़े मामलों पर।

दतिया उपचुनाव पर भी दिया बयान

जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर दावा किया कि कांग्रेस वहां बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और जनता अब जवाब चाहती है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज किसान परेशान हैं, महिलाएं असुरक्षित हैं, युवाओं का भविष्य अधर में है और शिक्षा व्यवस्था लगातार गिरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने के बजाय राजनीतिक विषयों को प्राथमिकता दे रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews