मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में आज कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की। उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने और उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और कहा कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ केस चलाने और उन्हें पद से हटाने की मांग को गंभीरता से लिया जाए। इस मुलाकात में विधायक आरिफ मसूद और सुरेश राजे भी मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने की राज्यपाल से मुलाकात
कांग्रेस ने राज्यपाल से कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग है। इस मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने कहा कि दूसरों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली भाजपा राष्ट्र का अपमान करने से कभी पीछे नहीं हटी है। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं बल्कि सेना, महिला और पूरे देश का अपमान है।
उमंग सिंघार ने सरकार पर लगाए आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया है कि सरकार अपनी बदनामी से बचने के लिए राज्यपाल को बीच में ला रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब कैबिनेट के पास विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति देने और उन्हें मंत्री पद से हटाने का अधिकार है तो मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार ने ऐसा क्यों नहीं किया। उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की बात तो करती है, लेकिन देश की बेटी का अपमान होने पर पूरी सरकार और भाजपा के नेता चुप हैं। उन्होंने बीजेपी पर कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाया।
उमंग सिंघार ने राज्यपाल से मांग की है कि वे इस मामले में पुनर्विचार करें और सरकार को मंत्री विजय शाह के खिलाफ केस चलाने के निर्देश दें। उन्होंने बताया कि राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वे मामले में पुनर्विचार करेंगे और सरकार से चर्चा करेंगे। कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई है कि राज्यपाल इस मामले में उचित निर्णय लेंगे।






