मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज, मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत 1 लाख 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 304 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ विद्यार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से लैपटॉप वितरित किए और उनसे संवाद भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि विद्यार्थी सफलता के साथ विनम्रता बनाए रखें और असफलता की स्थिति में भी हिम्मत न हारें। हर परिस्थिति में सहज रहकर निरंतर आगे बढ़ते रहें। अच्छा इंसान केवल अंकों से नहीं, बल्कि अच्छे विचारों और संस्कारों से बनता है। ज्ञान और दक्षता जीवन में सफलता की राह को सदैव आसान बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि सफलता को कभी सिर पर चढ़ने ना दें और कभी असफलता भी आए तो उसे दिल पर मत लगाना। हर परिस्थिति में सामान्य रहकर आगे बढ़ते रहना। आज लर्न करोगे तो कल अर्न करोगे। चुनौतियों से बिलकुल घबराएं नहीं, बड़े लक्ष्य तय करें अच्छा इंसान कागज के नंबर से नहीं बल्कि अच्छे मन से बढ़ता है। लैपटॉप केवल उपकरण नहीं, बल्कि डिजिटल लर्निंग, ई-लाइब्रेरी और उच्च शिक्षा में ज्ञान बढ़ाने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से जुड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। सरकार विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। वर्ष में दो बार बोर्ड परीक्षा होने से हर विद्यार्थी को बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। मध्यप्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों के सतत प्रयासों से विद्यार्थी निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। अनेक विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुकरणीय कार्यों से नई पहचान बना रहे हैं। इसी क्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों और लगातार तीन वर्षों के श्रेष्ठ परिणामों के आधार पर ऐसे विद्यालयों को सम्मानित करने का हमारी सरकार ने निर्णय लिया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को जाना। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए अपने सपनों और लक्ष्यों को साझा किया।
प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें डिजिटल तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से “प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना” चलाई जा रही है। इसके अंतर्गत कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहले ही प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। प्रदेश सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत इस वर्ष प्रदेश के लगभग 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लाभ दिया गया है। लैपटॉप के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन, डिजिटल पाठ्य सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर अपनी शिक्षा को और बेहतर बना सकेंगे।
हर प्रतिभा का सम्मान, हर सपने को उड़ान ✨
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत 1 लाख 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप क्रय हेतु ₹304 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के… pic.twitter.com/TkMynErKRq
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) September 1, 2026






