जबलपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। दरअसल, यहां फ्लाईओवर ब्रिज के पास मंगलवार सुबह चावल से भरा हुआ ट्रक अचानक से चल पड़ा। इस वजह से ट्रक के सामने आराम कर रहा चालक और मालिक इसकी चपेट में आ गया।
यह बताया जा रहा है कि एफसीआई का चावल से भरा हुआ ट्रक फ्लाईओवर ब्रिज के पास खड़ा हुआ था। ये अचानक से चल पड़ा जिसके नीचे शेख इजराइल आ गया। घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे के बाद ये ट्रक दीवार में जा घुसा और रुक गया।
ट्रक के नीचे आया चालक
ये घटना मंगलवार सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। हनुमानताल क्षेत्र में रहने वाला शेख इसराइल अपने ट्रक में 22 टन चावल लोड कर बाहर ले जाने वाला था। ट्रक में चावल लोड करने के बाद वह बैठकर आराम कर रहा था तभी अचानक ट्रक चल पड़ा। वह संभाल पाता इससे पहले ही ट्रक की चपेट में आ गया।
ब्रेक फेल होने का अंदाजा
इस घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की तो यह सामने आया है कि अचानक ब्रेक फेल होने की वजह से ट्रक अपने आप चल पड़ा। हालांकि, वास्तविक वजह क्या है यह जानने के लिए जांच पड़ताल की जा रही है। ट्रक की टेक्निकल एंगल से भी जांच चल रही है।
पुलिस ने निकाली बॉडी
जब ये घटना हुई तब आसपास मौजूद लोग हैरान हो गए। लोगों ने मदन महल थाना पुलिस को मामले के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचे और ट्रक के नीचे फंसे हुए शेख इसराइल के शव को बाहर निकाला। पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस मामले में पुलिस में मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। वहीं अनाज से लोड ट्रक को मदनमहल थाने में खड़ा कर दिया गया है।






