शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सोमवार को भेड़ाघाट में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस और नगर परिषद की टीम के साथ राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने हेलीपैड के लिए प्रस्तावित जमीन समेत अन्य सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान करीब डेढ़ एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
भेड़ाघाट में हेलीपैड के लिए नगर परिषद की करीब दो एकड़ जमीन प्रस्तावित है। इस जमीन के आसपास भी अतिक्रमण की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद राजस्व विभाग और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने शासकीय भूमि खसरा नंबर 32 के अंश भाग पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की।
डेयरी चलाने के साथ जमीन पर किया कब्जा
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह के मुताबिक, करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अमीन खान ने कब्जा कर डेयरी का संचालन शुरू कर दिया था। संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित संरचना और सामग्री को हटाया। मुक्त कराई गई सरकारी जमीन की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई गई है। इसी जमीन पर गोपालपुर निवासी छोटा यादव द्वारा भी मकान निर्माण और कृषि कार्य किया जा रहा था, जिसकी कीमत करीब 80 लाख रुपए आंकी गई है।
मकान बनाकर खेती भी कर रहे थे
एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया विधिवत सुनवाई पूरी करने के बाद की गई। प्रशासन के अनुसार कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पर पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, नगर परिषद भेड़ाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रम झरिया समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
वंदना झा की रिपोर्ट






