
Deputy CM Rajendra Shukla On PoK Issue : मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ‘पीओके पाकिस्तान के अनाधिकृत कब्जे में है और ये पुराना मुद्दा है। केंद्र सरकार इस मुद्दे पर बहुत गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। आने वाले समय में हमें समझ में आएगा कि क्या हो रहा है।’
जब पत्रकार ने उनसे सतना घटना के बारे में पूछा जहां एक पुलिसकर्मी को बैरक में गोली मार दी गई है तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें घटना के बारे में गहराई से जानकारी नहीं है और वे इस बारे में पता करेंगे। बता दें कि सतना में एक प्रधान आरक्षक को नकाबपोश बदमाश ने गोली मार दी थी और फरार हो गया।
पहलगाम हमले के बाद पीओके पर आए कई तरह के बयान
बता दें कि पिछले हफ्ते पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में और तल्खी आई है। कई बीजेपी नेताओं ने कहा है कि पीओके को भारत में शामिल करने का समय आ गया है। हाल ही में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का ये बयान सामने आया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी कहा कि अगर पाकिस्तान पीओके को भारत को सौंपने से इनकार करता है, तो भारत को पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक पीओके पाकिस्तान के नियंत्रण में है, आतंकी गतिविधियां जारी रहेंगी। पहलगाम हमले से काफी पहले योगी आदित्यनाथ भी कह चुके हैं कि पीओके को छह महीने में भारत में शामिल कर लिया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी कई बीजेपी नेताओं के इसी तरह के बयान सामने आए हैं।
राजेंद्र शुक्ला ने पीओके को लेकर कही ये बात
इस मुद्दे पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि ये बहुत पुराना और गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि पीओके अनाधिकृत रूप से पाकिस्तान के कब्जे में है और इसे लेकर केंद्र सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। वहीं सतना में एक पुलिसकर्मी को थाने के बैरक में घुसकर गोली मारने की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि वे इसके बारे में विस्तार से पता कर रहे हैं। इस हमले में प्रधान आरक्षक के कंघे पर गोली लगी है और उसका इलाज जारी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश भी की जा रही है।
[dgv_vimeo_video id=”1079704625″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

