MP Election 2023 : गुरुवार को प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश में स्कूली बच्चों सहित आदिवासियों और पीएम आवास हितग्राहियों के लिए बड़ी घोषणाएं की। लेकिन उनके मंडला आने पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सवालों के कई गोले दागे। उनमें सबसे बड़ा मुद्दा पीएफआई को लेकर है जिसमें शिवराज ने कहा कि इस आतंकी संगठन पर कार्रवाई का दिग्विजय सिंह विरोध करते हैं। उन्होने पूछा..क्या ये कांग्रेस का स्टैंड है ? वहीं इस मुद्दे के गरमाने के बाद खुद दिग्विजय सिंह को सफाई देनी पड़ी है और वो कह रहे हैं कि मेरे बयान तो तोड़ मरोड़कर पेश किया जा रहा है।

शिवराज ने प्रियंका से पूछे सवाल

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रियंका गांधी से सवाल किया है कि ‘आपकी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध क्यों कर रहे हैं, क्या आप उनके बयान से सहमत हैं ? पीएफआई टेरर फंडिंग करती है। आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त है। उसपर बैन लगा हुआ है। उसपर कार्रवाई होती है तो दिग्विजय सिंह विरोध करते हैं। क्या ये कांग्रेस का स्टेंड है ? आतंकवादियों को महिमामंडित करना, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध करना, पीएफआई पर कार्रवाई का विरोध करना। मध्य प्रदेश आने पर प्रियंका गांधी जी को इसका जवाब देना पड़ेगा कि क्या आप दिग्विजय सिंह के बयान से सहमत हैं। क्या पीएफआई पर कार्रवाई का कांग्रेस विरोध कर रही है ?’

उन्होने कहा कि एक और सवाल का आपको जवाब देना पड़ेगा। ‘आदिवासी जिला मंडला में बैगा, भारिया और सहरिया जाति की बहनों को भाजपा सरकार हर महीने एक हजार रुपये दे रही थी। उसे कमलनाथ जी ने सत्ता में आने के बाद क्यों बंद किया, आखिर इन बहनों ने आपका क्या बिगाड़ा था ? मुंह में राम बगल में छुरी। सामने आदिवासी प्रेम और पीछे दी गई सुविधाएं समाप्त करने का काम आपने क्या। इसका जवाब तो आपको देना पड़ेगा।’ सीएम शिवराज ने कहा कि प्रियंका जी क्या आप एक बार फिर मध्यप्रदेश में झूठ की गारंटी देने आ रही हैं ?

दिग्विजय ने दी सफाई

वहीं पीएफआई के मुद्दे पर बवाल उठने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा है कि उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया गया। ट्वीट करते हुए उन्होने कहा कि ‘कुछ मीडिया संगठनों द्वारा पूछे गए सवाल पर मेरे जवाब को ग़लत तरीक़े से quote किया जा रहा है जोकि मैंने नहीं कहा है। सांप्रदायिकता भड़कानेवाले संगठन PFI का मैंने कभी समर्थन नहीं किया है। मैं धर्म के नाम से सांप्रदायिकता फैलानेवाले व्यक्ति/संगठन के खिलाफ हूँ और सदैव रहूँगा।’