
MP Election 2023 : सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कुशवाहा समाज के महाकुंभ में कई बड़ी घोषणाएं की। उन्होने घोषणा की कि अब जिले में फल, फूल और सब्जी के लिए अलग से मंडियां बनेगी। इसी के साथ उन्होने सावित्री बाई फुले की जयंती पर अवकाश देने का ऐलान भी किया। इस अवसर पर उन्होने सागर में लव कुश भगवान का मंदिर बनाने के लिए 10 करोड़ का चेक भी दिया।
सीएम ने दी कई सौगातें
भेल दशहरा मैदान में आयोजित ‘कुशवाह महाकुंभ’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज का स्वागत पगड़ी और हार पहनाकर किया गया। इस मौके पर उन्होने कहा कि ‘आपके द्वारा पहनाई गई पगड़ी का मान, इसकी शान और कुशवाहा समाज का सम्मान कभी कम नहीं होने दूंगा। कुशवाहा समाज के लोग भगवान कुश के वंशज हैं, मुझे कहते हुए गर्व है कि चंद्रगुप्त मौर्य, जिन्होंने पूरी दुनिया के सबसे बड़े हिस्से पर राज किया, वे कुशवाहा समाज में जन्मे थे।’ इस मौके पर उन्होने सावित्री बाई फुले की की जयंती पर अवकाश देने का ऐलान किया और कहा कि हमने तय किया था कि महात्मा ज्योतिबा फुले जी और सावित्री बाई फुले जी की जीवनी स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल करेंगे, हमने इसे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया है। इसी के साथ उन्होने कहा कि ‘सागर में 10 करोड़ रुपये की लागत से लव-कुश भगवान का मंदिर और सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। मैं आज उसका आदेश लेकर आया हूं।’ सीएम ने राजधानी में एक छात्रावास बनाने और अधूरी धर्मशाला का काम पूरा करने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वो चाहते हैं कि कुशवाह समाज के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करें और अपने मनपसंद करियर का चुनाव करे। इसके लिए सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है और कभी भी बच्चों को शिक्षा के लिए कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर सीएम ने अलग अलग सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि समाज के बच्चे, युवा और महिलाओं को इनका लाभ दिया जाएगा। उन्होने कहा कि हम धर्म और संस्कृति के रक्षक हैं, भारतीय जीवन मूल्यों के रक्षक हैं। उन्होने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि बीजेपी पूरी तरह उनके साथ है। वहीं उन्होने कहा कि कुशवाह समाज को पूरा प्रतिनिधित्व मिले, वो इसका पूरा ध्यान रखेंगे। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि आज हम सभी संकल्प लें कि अपने समाज के साथ ही प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने में भी हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
कुशवाहा समाज फल-फूल और सब्जी उगाने का काम करता है, लेकिन मंडी में उचित दाम नहीं मिल पाता। इसके लिए हम अलग फल-फूल, सब्जी की मंडी बनाएंगे। pic.twitter.com/lYnazhH7h7
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) July 31, 2023
सागर में 10 करोड़ रुपये की लागत से लव-कुश भगवान का मंदिर और सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। मैं आज उसका आदेश लेकर आया हूं: CM pic.twitter.com/cvtuV4mE9p
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) July 31, 2023
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

