MP Election 2023 : मध्यप्रदेश में चुनाव से पहले जारी है ‘गारंटी गेम,’ कहीं मोदी-गारंटी कहीं प्रियंका-गारंटी

MP Election 2023 : मध्यप्रदेश में चुनाव से पहले जारी है ‘गारंटी गेम,’ कहीं मोदी-गारंटी कहीं प्रियंका-गारंटी

MP Election 2023 : पहले चुनावी वादे होते थे लेकिन समय के साथ अब वादें, बातें और शब्दावली भी नई हो गई है। इन दिनों राजनीतिक दल वोटर्स को लुभाने के लिए नए नए शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी सिलसिले में फिलहाल जो शब्द बेहत पॉपुलर हो रहा है वो है ‘गारंटी।’ कांग्रेस आने वाले चुनावों को लेकर जनता को गारंटी दे रही है, वहीं प्रधानमंत्री ने भी अपने मध्यप्रदेश दौरे में ‘मोदी की गारंटी’ दी है। कांग्रेस की गारंटी पर अब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी पलटवार किया है।

पिछले दिनों जबलपुर पहुचीं प्रियंका गांधी ने जनता को कांग्रेस की तरफ से गारंटी दी थी। ये वही चुनावी वादे थे जिन्हें कमलनाथ पहले भी कर चुके थे। कमलनाथ और कांग्रेस के अन्य नेता भी लगातार इन्हें ‘वचन’ और ‘गारंटी’ कहते आए हैं। कमलनाथ पहले ये भी कह चुके हैं कि कांग्रेस का ‘घोषणा पत्र’ नहीं ‘वचन पत्र’ होगा और वो जो वचन देंगे, उन्हें हर हाल में पूरा करेंगे। इसी क्रम में 12 जून को प्रियंका गांधी ने मंच से मध्यप्रदेशवासियों को गारंटी दी कि यहां पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस महिलाओं को हर महीने 1500 रूपये देंगे, गैस सिलेंडर 500 रूपये में दिया जाएगा, 100 यूनिट बिजली सबसे लिए माफ होगी और 200 यूनिट बिजली का बिल हाफ होगा। प्रियंका ने कहा कि ये वो गारंटी है जिसे  कांग्रेस 100 प्रतिशत लागू करेगी और ये मेरा वादा है आप सबसे।

वहीं एक दिन पहले भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी तरफ से गारंटी दी। उन्होने बिना किसी का नाम लिए कहा कि ‘अगर उनकी घोटालों की गारंटी है तो मोदी की भी गारंटी है।’ पीएम ने कहा कि ‘जब विपक्ष गारंटी दे रहा है तो ऐसे में मोदी की भी एक गारंटी है। मेरी गारंटी है हर घोटालेबाज पर कार्रवाई की गारंटी। हर चोर लुटेरे पर कार्रवाई की गारंटी।’ उन्होने कहा कि जिसने गरीब को और देश को लूटा उसका हिसाब तो होकर रहेगा।

पीएम मोदी की गारंटी पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि ‘प्रधानमंत्रीजी ने साफ कहा है कि जो भी भ्रष्ट होगा उसपर कार्रवाई होगी, इस बात की गारंटी है।’ वहीं उन्होने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि ‘इनकी गारंटी सब जानते हैं..कर्जमाफी का गारंटी राहुल गांधी दे गए थे लेकिन एक किसान को ले आएं जिसे दस दिन में जो लाख मिल गए हों। कोई एक नौजवान ले आएं जिसे चार हजार बेरोजगारी भत्ता मिला हो। किसी एक बेटी को ले आएं जिसे पंद्रह महीने में इक्यावन हजार मिले हों। किसी एक को ले आएं जिसे सरकारी नौकरी मिली हो।’ इस तरह गृहमंत्री ने कहा है कि पीएम मोदी की गारंटी उन लोगों पर कार्रवाई करने की गारंटी है जो भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews