MP Election 2023 : BJP की दूसरी लिस्ट से भी ज्योतिरादित्य सिंधिया नदारद, कांग्रेस का तंज ‘सरपंच पद के लिये कुछ लोगों को रिजर्व रखा’

MP Election 2023 : BJP की दूसरी लिस्ट से भी ज्योतिरादित्य सिंधिया नदारद, कांग्रेस का तंज ‘सरपंच पद के लिये कुछ लोगों को रिजर्व रखा’

MP Election 2023 : राजधानी भोपाल में मेगा इवेंट के बाद सोमवार रात बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। शक्तिप्रदर्शन के तुरंत बाद दूसरी सूची का आना इस बात का संकेत था कि वो हर दांव पहले खेलना चाहती है। दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों सहित 7 सांसदों और राष्ट्रीय महासचिव का नाम भी शामिल है। लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया दूसरी सूची से भी नदारद है वहीं उनके दो समर्थकों के नाम भी काटे गए हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि शायद बीजेपी ने कुछ नाम सरपंच चुनाव के लिए आरक्षित कर रखे हैं।

दो समर्थकों का टिकट कटा

इस लिस्ट में सिंधिया के करीबी जसवंत जाटव का करैरा विधानसभा सीट से टिकट काट दिया गया है। बीजेपी ने यहां पर रमेश खटीक पर भरोसा जताया है। वहीं दिमनी विधानसभा सीट से गिर्राज दंडौतिया को भी टिकट नहीं मिला है। यहां पर बीजेपी ने अपने कद्दावर नेता नरेंद्र सिंह तोमर को खड़ा किया है। हालांकि सिंधिया समर्थक रघुनाथ कंसाना, इमरती देवी और मोहन सिंह राठौड़ को टिकट दिया गया है लेकिन इन दोनों की लिस्ट में सिंधिया का नाम न होने को लेकर कांग्रेस ने कटाक्ष किया है।

कांग्रेस का तंज

कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए तंज किया है कि ‘ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट तक नहीं, सूत्रों का दावा -बीजेपी ने सरपंच पद के लिये भी कुछ लोगों को रिज़र्व रखा। श्रीमंत से श्री अंत तक।’ इससे पहले भी कांग्रेसी नेता लगातार ये कहते रहे हैं कि बीजेपी में जाने के बाद से सिंधिया की उपेक्षा हो रही है। पिछले दिनों दिग्विजय सिंह ने कहा था कि हम जिन्हें महाराज-महाराज कहते थे भाजपा ने उन्हें भाई साहब बना दिया। अक्सर ऐसी तस्वीरें भी सामने आती रही हैं जहां वो पिछली पंक्ति में खड़े नजर आए हैं। ऐसे में उम्मीदवारों की शुरुआती दो सूची में उनका नाम न होने को लेकर कांग्रेस तंज़िया लहज़े में कह रही है कि कहीं बीजेपी ने सरपंच पद के लिए तो उनका नाम आरक्षित नहीं कर रखा है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews