MP Election 2023 : कमलनाथ का तंज, कहा ‘जनता बीजेपी से कह रही है, हम ही आपका बोरिया-बिस्तर बांध देंगे’

Kamal Nath

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश में चुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है और इसी के साथ दोनों प्रमुख दल बीजेपी और कांग्रेस पूरे जोश के साथ मैदान में आ गए हैं। कांग्रेस लगातार बीजेपी पर प्रदेश को भ्रष्टाचार, अत्याचार, अन्याय, घोटालों, महंगाई और बेरोजगारी के गर्त में धकेलने का आरोप लगाती आ रही है। इसी के साथ उसका कहना है कि प्रदेश की जनता बहुत अच्छे से इनकी असलियत समझ चुकी है और इन चुनावों में बीजेपी की हार निश्चित है।

कमलनाथ ने किया ट्वीट

कमलनाथ ने एक बार फिर ट्वीट करते हुए बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। उन्होने लिखा कि “कहने को विधानसभा के चुनाव का परिणाम भले 3 दिसंबर को आयेगा लेकिन भाजपाइयों को तो पहले से ही मालूम है कि उनकी हार पक्की है। इसीलिए सुनने में आया है कि कल से ही भाजपा के मंत्रियों और विधायकों के सरकारी आवासों की दीवारों से तस्वीरें उतरना शुरू हो गयी हैं और उन्होंने निकासी के लिए पहले से ही प्रबंध करने शुरू कर दिये हैं और सामान बटोरने का ये काम बड़े ध्यान से करवा रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं उनके कारनामों की कोई फाइल पीछे न छूट जाए। जनता भाजपा से कह रही है आप परेशान न हों, हम ही आपका बोरिया-बिस्तर बांध देंगे।”

कहा- बीजेपी की हार निश्चित

मंगलवार को राहुल गांधी भी शहडोल पहुंचे और उन्होने कहा कि कांग्रेस ऐसा कोई वादा नहीं करती है, जिसे पूरा न कर सके। उन्होने कहा कि वो मध्य प्रदेश की जनता से मोहब्बत करते हैं और कांग्रेस की सरकार आने पर जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा। इसी के साथ उन्होने कहा कि वे जातिगत जनगणना कराएंगे। वहीं अब कमलनाथ ने बीजेपी का बोरिया बिस्तर बंधने की बात कही है। उन्होने कहा कि जनता बीजेपी के 18 सालों के शासन से त्रस्त हो गई है और अब ये बात खुद भारतीय जनता पार्टी भी समझ गई है उनके मंत्रियों और विधायकों के सरकारी मकानों से तस्वीरें उतारने का काम शुरु हो गया है। कमलनाथ ने कहा कि इस बार बीजेपी की हार तय है और विश्वास जताया कि जनता कांग्रेस का साथ देगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews