MP Election 2023: मतगणना की तैयारियां पूरी, निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर एप पर भी देखे जा सकते हैं चुनाव परिणाम

MP Election 2023

MP Election 2023 : मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए 17 नवंबर को एक चरण में मतदान हुआ था, वोटों की गिनती यानि मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है, मप्र राज्य निर्वाचन आयोग की पूरी टीम इस पर नजर बनाये हुए है, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन भी कई जिलों में जाकर स्ट्रॉंग रूम और मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर चुके हैं, इस बीच आयोग ने जानकारी दी है विधानसभा चुनाव के परिणाम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर एप पर भी देखे जा सकते हैं।

3 दिसंबर को सबसे पोस्टल बैलेट की गिनती होगी  

मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया 3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से प्रदेश के 52 जिला मुख्यालयों में बनाये गए मतगणना केंद्रों में मतों की गिनती प्रारंभ होगी। मतगणना के राउन्ड-वाइज परिणाम प्रदर्शित किये जाएंगे। सबसे पहले 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गणना प्रारंभ होगी। इसके आधे घंटे बाद 8:30 बजे ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी।

इन दो वेबसाइट और एप पर देखे जा सकते हैं चुनाव परिणाम  

पोस्टल बैलेट की गणना समाप्त होने के तत्काल बाद प्रत्येक उम्मीदवार को मिले डाक मत पत्रों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन-2023 की मतगणना के परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन एप (VHA) पर देखे जा सकेंगे। वोटर हेल्पलाइन एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। इसके अलावा https://ceomadhyapradesh.nic.in पर भी मतगणना के परिणाम प्रदर्शित किये जाएंगे।

230 विधानसभा सीटों के लिए 2533 प्रत्याशी चुनाव मैदान में 

गौरतलब है कि मप्र विधानसभा चुनाव 2023 में 230 सीटों के लिए 2533 प्रत्याशी मैदान में हैं, मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है लेकिन आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी सहित अन्य कुछ क्षेत्रीय पार्टियाँ भी चुनाव मैदान में हैं, इसके अलावा निर्दलियों ने भी ताल ठोंकी है।

इन सीटों पर सियासी पंडितों की निगाहें 

उधर भाजपा ने 3 केंद्रीय मंत्रियों सहित 7 सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा है जिनपर सबकी नजर है इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की सीट भी सियासी पंडितों की निगाह में है। उधर कांग्रेस के सीएम पद के दावेदार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके कई पूर्व मंत्रियों, दिग्गज नेताओं की सीट भी चर्चा में है, देखना होगा परिणाम किसके पक्ष में जाता है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews