MP Election 2023 : ‘इस बार मध्य प्रदेश में मनेगी कमल दिवाली’ वीडी शर्मा ने किया बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का दावा

MP Election 2023 : ‘इस बार मध्य प्रदेश में मनेगी कमल दिवाली’ वीडी शर्मा ने किया बीजेपी की ऐतिहासिक जीत का दावा

MP Election 2023 : बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि इस बार मध्य प्रदेश में ‘कमल दिवाली’ मनेगी। BJP को प्रचंड बहुमत मिलने और ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए उन्होने कहा कि वे एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएंगे। वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक लाइव ऑर्गनाइजेशन है। हम चुनावी गुब्बारे नहीं है जो चुनाव के समय आए और बाद में फूट जाएं। कांग्रेस पर मध्य प्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होने कहा कि इस बार का चुनाव विकास और जनकल्याण बनाम झूठ और छल के बीच है।

चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद वीडी शर्मा ने कहा कि 80 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ वोटरों और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वालों के लिए घर से वोट डालने की सुविधा अनुकरणीय है। इसी के साथ उन्होने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी का एक एक कार्यकर्ता 64 हजार 523 बूथों पर मुस्तैदी के साथ विकास और गरीब कल्याण के झंडे के साथ जुटा हुआ है।

कांग्रेस पर आरोप

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में विकास का परचम लहराया है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने हर गरीब के जीवन बदलने के साथ उसके चेहरे पर खुशी लाने का काम किया है। वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस सरकार ने ‘करप्शनाथ’ और ‘मिस्टर बंटाधार’ के इशारे पर प्रदेश के हर गरीब के अधिकार को छीना था। लेकिन बीजेपी ने विकास और जनकल्याण को अपना लक्ष्य बनाया और विकास के आधार पर ही वो आगामी चुनाव लड़ेगी और प्रचंड बहुमत से जीतेगी और इतिहास बनाएगी।

बीजेपी एक लाइव ऑर्गनाइजेशन

वीडी शर्मा ने कहा कि बीजेपी का बूथों पर काम करने वाले 41 लाख से अधिक कार्यकर्ता हर बूथ को जीतने के संकल्प के साथ प्रतिबद्ध है। उन्होने कहा कि मोदी जी ने मध्य प्रदेश को विकास के लिए लगातार सौगातें दी है। आज भी बैतूल, पन्ना और कटनी में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के आदेश जारी किए गए हैं। बीजेपी लगातार विकसित मध्य प्रदेश को स्वर्णिम मध्य प्रदेश बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होने कहा कि 17 नवंबर को प्रदेश की जनता का आशीर्वाद बीजेपी को मिलेगा, इसका पूरा भरोसा है। वीडी शर्मा ने कहा कि बीजेपी एक ऐसी पार्टी है जो 365 दिन 24 घंटे काम करती है। जनता के कल्याण के लिँए जनता के कंधे से कंधा मिलाकर भारतीय जनता पार्टी खड़ी है। उन्होने कहा कि बीजेपी ‘लाइव ऑर्गनाइजेशन’ की तरह काम करती है। हम चुनावी गुब्बारे नहीं हैं जो चुनाव में आकर उबलते और बाद में फूट जाते हैं। ये भारतीय जनता पार्टी है जो गांव गांव में बूथ बूथ पर काम कर रही है।

‘विकास बनाम झूठ छल के बीच चुनाव’

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हम 79 प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं और जल्द ही कुछ और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा हो सकती है। इसी के साथ उन्होने कहा कि कांग्रेस ने जिन्होने झूठ और छल कपट की राजनीति की, सनातन और हिंदू धर्म पर आक्रमण किया, विकास को अवरूद्ध किया, गरीबों के हक को छीना, बीजेपी की गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद किया, नौजवानों और महिलाओं को धोखा दिया और प्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। विकास और गरीब कल्याण के पथ पर चलने वाली बीजेपी और छल कपट की राजनीति करने वाली कांग्रेस के बीच चुनाव है।

‘इस बार मनेगी कमल दिवाली’

उन्होने कहा कि एक ट्वीट करके समाज को गुमराह करने वाली कांग्रेस है, इनका नेतृत्व खत्म हो चुका है और ये सिर्फ झूठ की राजनीति करते हैं। लेकिन हम जो कहते हैं वो करते हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होने कहा कि बीजेपी आज तक के इतिहास में सर्वाधित सीटें जीतेगी और उन्होने कहा कि ‘मैं जनता जनार्दन से अपील करता हूं कि अधिक से अधिक मतदान कर बीजेपी को आशीर्वाद देने दें।’ वीडी शर्मा ने कहा कि इस बार दिवाली के पर्व के कुछ ही दिन बाद चुनाव है और इस बार मध्य प्रदेश में कमल दिवाली मनेगी’

[dgv_vimeo_video id=”872484235″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews