MP Election 2023: राहुल गांधी के बयान पर वीडी शर्मा का पलटवार, बोले -“फूट डालो राज करो” कांग्रेस का मूल चरित्र

MP Election 2023: राहुल गांधी के बयान पर वीडी शर्मा का पलटवार, बोले -“फूट डालो राज करो” कांग्रेस का मूल चरित्र

MP Election 2023 : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज अपने एमपी दौरे में शहडोल की सभा में केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला, उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवानी की एक किताब का हवाला देते हुए कहा कि  आरएसएस और भाजपा की सच्ची लेबोरेटरी मध्य प्रदेश है। राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार आदिवासियों के हक़, उनकी जमीने छीनने के आरोप लगाये, राहुल के इसी बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार किया है।

वीडी शर्मा का पलटवार, कांग्रेस के खून में आज भी अंग्रेजों के “फूट डालो और राज करो” के जींस 

वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने शहडोल में कहा कि आदिवासी और वनवासी अलग हैं, वनवासी बाहर से आये हैं, ये ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि कांग्रेस के खून में आज भी अंग्रेजों के “फूट डालो और राज करो” के जींस हैं, उन्होंने कहा कि राहुल जी आप जिस क्षेत्र में गए हैं वहां आदिवासी क्रांतिकारियों के नाम ही ले लेते? टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, रघुनाथ शाह, शंकर शाह का नाम ही ले लेते लेकिन आप नहीं लेंगे क्योंकि आप तो इन लोगों के बीच विभाजन कराना चाहते हैं क्योंकि यही कांग्रेस का मूल चरित्र है।

वीडी शर्मा ने कांग्रेस और राहुल गांधी को दिखाया आईना, कही ये बड़ी बात 

भाजपा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों के उत्थान की बात कभी नहीं की, जनजाति मंत्रालय की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने की इससे पहले की सरकारों की इसका ध्यान ही नहीं आया, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस शहडोल में गए हैं वहीँ पूछ ले कि आदिवासियों की अधिकार संपन्न किसने बनाया? पेसा एक्ट कानून कौन लाया, उन्हें याद होना चाहिए कि इसी शहडोल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पेसा एक्ट कानून को लागू किया था, वीडी शर्मा ने कहा कि मैं राहुल गांधी के आदिवासी विरोधी बयान की निंदा करता हूँ और आगाह करता हूँ कि आदिवासी भाई बहन और प्रदेश की जनता कांग्रेस को इसका जवाब जरूर देगी।

राहुल गांधी का आरोप, शिवराज सरकार ने आदिवासियों की जमीनें छीनी 

आपको बता दें कि आज शहडोल में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के अधिकार छीने हैं और कांग्रेस उन्हें उनके अधिकार वापस देने के लिए प्रतिबद्ध है। राहुल गांधी ने कहा कि ‘आप आदिवासी नहीं वनवासी हैं।’ कांग्रेस ने साढ़े 3 लाख पट्टे आपको  दिए थे लेकिन भाजपा ने सत्ता हासिल करने के बाद डराकर धमकाकर आपसे आपकी जमीनें छीन ली। जल जमीन और जंगल का अधिकार आपका है और मैं गारंटी देकर कह रहा हूं कि जो आपका है वो हम आपको दे देंगे। आपका जमीन का हक हम आपको वापस दे देंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी पर भी राहुल ने साधा निशाना 

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा, राहुल ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको वनवासी कहते थे, मैंने कहा कि मोदीजी,  आप आदिवासियों का अपमान मत  कीजिए,  ये लोग वनवासी नहीं आदिवासी हैं। अब पीएम मोदी सभाओं में वनवासी नहीं आदिवासी कहते हैं लेकिन लेकिन वे सिर्फ मुंह से आदिवासी कहते हैं, उनके दिल और दिमाग में अब भी वनवासी ही है। मगर हमारी नीयत साफ है, आप हमारे लिए दिल से आदिवासी, दिमाग से आदिवासी, मुंह से आदिवासी, कर्मों से आदिवासी हैं। हमारी गारंटी है कि आपकी जमीन का हक आपको वापस मिलेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews