2 मई से MP अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया, प्रोफाइल अपडेट-दस्तावेज सत्यापन अनिवार्य, मेरिट के आधार पर चयन

मध्य प्रदेश में अतिथि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया 2 मई 2026 से शुरू होने जा रही है। इसमें नए आवेदकों को पहले पंजीयन करना होगा जबकि पुराने उम्मीदवारों को अपनी प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। चयन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए मेरिट के आधार पर होगी।
Guest Teacher

मध्य प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार पूरी प्रक्रिया “अतिथि शिक्षक पोर्टल 3.0” के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जाएगी। इस बार भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल मोड में की जाएगी। यह प्रक्रिया प्रदेश के स्कूलों में करीब 10 हजार रिक्त पदों को भरने के लिए की जा रही है। इसमें प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के विषयवार शिक्षकों का चयन किया जाएगा। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा।

नए आवेदकों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 2 मई 2026 से शुरू होगी। जो उम्मीदवार पहले से पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें 12 मई 2026 से अपनी प्रोफाइल अपडेट करनी होगी। उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक दस्तावेज, TET प्रमाण पत्र और अनुभव से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। यदि मोबाइल नंबर बदलना है, तो जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) या विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के समक्ष उपस्थित होना होगा।

ध्यान रहे प्रोफाइल अपडेट और नए पंजीयन के बाद, सभी अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक व व्यावसायिक (B.Ed/D.El.Ed) दस्तावेजों का सत्यापन संकुल प्राचार्य से कराना अनिवार्य होगा।  प्राचार्य मूल दस्तावेजों का मिलान कर आवेदन को पोर्टल पर स्वीकार या अस्वीकार करेंगे। गलत जानकारी मिलने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है, हालांकि सुधार का अवसर भी मिलेगा। बिना ऑनलाइन पंजीयन और सत्यापन के किसी भी अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

DPI ने साफ किया है कि बिना सत्यापन के किसी भी उम्मीदवार का स्कोर कार्ड जनरेट नहीं होगा, जिससे वह आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेगा। जैसे ही आपके दस्तावेजों का सत्यापन सफल होगा, पोर्टल पर आपका स्कोर कार्ड जनरेट हो जाएगा। स्कोर कार्ड में शैक्षणिक योग्यता, प्रशिक्षण (B.Ed) और शिक्षक पात्रता परीक्षा के अंकों को शामिल किया जाएगा। जिनका स्कोर अधिक होगा, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। स्कोर कार्ड के आधार पर स्कूलों में रिक्त पदों के विरुद्ध आपकी नियुक्ति की जाएगी।

समय सारणी

  • नए आवेदकों द्वारा ई-केवाईसी, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता और शिक्षक पात्रता परीक्षा की जानकारी दर्ज कर दस्तावेज अपलोड करना (आवेदक द्वारा): 02.05.2026 से 11.05.2026 तक
  • आवेदकों द्वारा दर्ज की गई जानकारी का संकुल स्तर पर सत्यापन (संकुल प्राचार्य द्वारा): 04.05.2026 से 11.05.2026 तक
  • पूर्व से पंजीकृत आवेदकों द्वारा प्रोफाइल अपडेट करना, संशोधन करना या पोर्टल 2.0 से 3.0 पर माइग्रेट करना (आवेदक द्वारा): 12.05.2026 से 22.05.2026
  • अपडेट की गई प्रोफाइल और अनुभव की जानकारी का सत्यापन (संकुल प्राचार्य): 12.05.2026 से 22.05.2026 तक
  • पोर्टल 2.0 की एक से अधिक आईडी पर उपलब्ध अनुभव को पोर्टल 3.0 पर मर्ज करने हेतु रिक्वेस्ट (आवेदक द्वारा): 12.05.2026 से 22.05.2026 तक
  • अनुभव प्रमाण पत्र को मर्ज करने की रिक्वेस्ट का सत्यापन। जिले / संचालनालय: 12.05.2026 से 22.05.2025 तक
  • यदि पंजीकृत मोबाइल नंबर बंद हो गया है, तो उसे बदलवाना। BEO / DEO :12.05.2026 से 22.05.2026 तक

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews