‘रोड टैक्स का नाम बदलकर गड्ढा टैक्स कर दीजिए सरकार’ PWD मंत्री राकेश सिंह के बयान पर उमंग सिंघार का तंज

अगर आप गड्ढों भरी सड़कों से परेशान हैं तो इसकी आदत डाल लीजिए। आखिर गड्ढे ही तो हैं..जब तक सड़कें रहेंगी, गड्ढे भी रहेंगे। ये बात हम नहीं मध्यप्रदेश के मंत्रीजी कह रहे हैं..जिनपर सुरक्षित सड़कों की जिम्मेदारी है। लेकिन जब ज़िम्मेदार लोग ही पल्ला झाड़ लें तो फिर जनता को समझ जाना चाहिए कि वो भगवान भरोसे है। बारिश में बदहाल सड़कों की स्थिति पर इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयान के बाद अब कांग्रेस ने सरकार को घेरा है।
Minister Rakesh Singh

मध्य प्रदेश की सड़कों पर बारिश के कारण हुए गड्ढों को लेकर लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह का एक बयान सुर्खियों में है। जब उनसे प्रदेश की बदहाल सड़कों के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा ‘जब तक सड़कें रहेंगी, तब तक गड्ढे होते रहेंगे। इसके बाद अब कांग्रेस ने उनपर निशाना साधा है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंत्रीजी के बयान पर तंज़ कसते हुए कहा है कि ‘सरकार को प्रदेश की जनता से हर साल वसूले जाने वाले हजारों करोड़ रुपए के ‘रोड टैक्स’ का नाम बदलकर ‘गड्ढा टैक्स’ कर देना चाहिए’। उन्होंने कहा कि सरकार के इसी गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण प्रदेश की जनता परेशान है और गड्ढों के कारण राज्य की सड़कें चाँद की सतह में तब्दील हो गई हैं।

मंत्री राकेश सिंह का विवादित बयान

सरकार का काम है समस्या का समाधान निकालना। लेकिन अगर मंत्री ही समस्याओं का निराकरण करने की बजाय उन्हें सामान्य बताने लगे तो जनता किससे उम्मीद रखेगी ? मध्यप्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह का हालिया बयान अब बहस का विषय बन गया है। जब उनसे सड़कों पर हुए गड्ढों के बारे में पूछा गया तो मंत्रीजी का जवाब था कि ‘जब तक सड़कें रहेंगी, तब तक गड्ढे होते रहेंगे। दुनिया में ऐसी कोई सड़क नहीं है, जिसमें गड्ढा न हो।” उन्होंने कहा कि उन्होंने आगे कहा, “मुझे ध्यान में नहीं आता कि दुनिया में कोई ऐसी सड़क है, जिसमें गड्ढा होता ही नहीं। ऐसी कोई तकनीक अभी PWD के संज्ञान में नहीं आई है।

कांग्रेस ने सरकार को घेरा

उनके इस बयान पर अब विपक्ष ने सरकार को घेरा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि ‘फिर तो सरकार को प्रदेश की जनता से हर साल वसूले जाने वाले हजारों करोड़ रुपए के ‘रोड टैक्स’ का नाम बदलकर ‘गड्ढा टैक्स’ कर देना चाहिए, क्योंकि सुविधा के नाम पर जनता के हिस्से में सड़कें नहीं सिर्फ गड्ढे ही आए हैं। राजधानी समेत पूरे राज्य की सड़कें, गड्ढों के कारण ‘चाँद की सतह’ में तब्दील हो गईं हैं लेकिन जवाबदेही नदारद है’। इस तरह अब कांग्रेस ने ‘गड्ढों’ को लेकर प्रदेश सरकार और मंत्री राकेश सिंह को निशाने पर लेते हुए सवाल किया है कि जब वो ही अपनी जवाबदेही से बच रहे हैं तो आखिर जनता अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए किससे उम्मीद करेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews