MP News : मुख्यमंत्री शिवराज ने दिया ये अहम सूत्र, जन प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं

MP News : मुख्यमंत्री शिवराज ने दिया ये अहम सूत्र, जन प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कई बड़ी घोषणाएं

MP News : ‘पांव पांव वाले भैया’ और ‘मामा’ जैसे संबोधनों से मशहूर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक महत्वपूर्ण सूत्र साझा किया है। उन्होने कहा है कि ‘पांव में चक्कर, मुंह में शक्कर, सीने में आग और माथे पे बर्फ’ होनी चाहिए। उनकी लोकप्रियता के पीछे ये सूत्र अहम भूमिका निभाता है। इस बात से कोई इनकार नहीं कर सकता कि जनता के बीच सीएम शिवराज की छवि एक बेहद सादगीपसंद और ज़मीन से जुड़े हुए नेता की हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होने इस लंबे काल में लोगों के साथ जो नाता जोड़ा है और आत्मीयता बनाई है, यही उनकी सबसे बड़ी यूएसपी है। इसके पीछे उनका काम करने का तरीका और कुछ खास बातें हैं..जो आज उन्होने नगरीय निकायों के नव-निर्वाचित जन-प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण सह-सम्मेलन कार्यक्रम में साझा की। इस अवसर पर उन्होने अध्यक्ष, मेयर, पार्षद सभी का मानदेय और भत्ता दोगुना करने की घोषणा भी की।

सीएम शिवराज ने बताया ये अहम सूत्र

भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में नगरीय निकायों के नव-निर्वाचित जन प्रतिनिधियों की कार्यशाला-सह-सम्मेलन  का शुभारंभ कन्यापूजन व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। यहां सीएम शिवराज ने नवनिर्वाचित जन-प्रतिनिधियों को कुछ ऐसे गुर बताए, जो जनता से संवाद करने में बेहत मदद कर सकते हैं। सीएम ने कहा कि वो बचपन से इस बात का ध्यान रखते हैं कि ‘पांव में चक्कर मतलब सुबह सुबह अपने वार्ड शहर में निकल जाओ और उनसे बात करें। मुंह में शक्कर यानी लोगों के साथ हमेशा सुमधुर व्यवहार करें। सीने में आग का अर्थ है काम करने की तड़प हमेशा होनी चाहिए। अपने कार्यक्षेत्र को सबसे बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए और अंदर हमेशा काम करने की आग जलनी चाहिए। वहीं माथे पर बर्फ का मतलब है कि दिमाग ठंडा रखना।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुक्तसङ्गोऽनहंवादी धृत्युत्साहसमन्वितः। सिद्ध्यसिद्ध्योर्निर्विकारः कर्ता सात्त्विक उच्यते।। घमंड और अहंकार बिल्कुल न लाएं। हम सदैव विनम्र बने रहें। मुख्यमंत्री हो, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष या पार्षद सभी जनता के सेवक हैं। हम सिर्फ कुछ लोगों के लिए नहीं हैं। अगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद हैं तो सबके लिए हैं। सबका ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है। मैं सभी चुने हुए जनप्रतिनियों को बधाई देता हूं। आप सभी जनता की सेवा करते हुए ऐसा स्थान बनाएं कि वह अपने पलक-पांवड़े में आपको बिठा ले और आप अपने शहर और प्रदेश के विकास के लिए लगातार आगे बढ़ते चले जाएं। अगर मन में तड़प है तो शरीर से ऐसे रसायन निकलते हैं, जो दिन और रात आपको लगातार काम करने की ऊर्जा प्रदान करते हैं।’

कई अहम घोषणाएं

इस अवसर पर उन्होने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2022 तक शहरों में जो गरीब जहां रह रहा है वहां उसको रहने की जमीन का पट्टा दे दिया जाएगा। उन्होने कहा ‘मैं प्रशासन को साफ कह रहा हूं कि अगर कोई बिल्डर नई अवैध कॉलोनी काटे तो उसको जेल भेज दो। सफाई कर्मचारी के लिए समूह बीमा योजना लागू है, उसमें मृत्यु होने पर ₹2लाख की राशि दी जाती है। हम उसको बढ़ाकर ₹5 लाख की व्यवस्था करेंगे। हमारे अध्यक्ष, मेयर, पार्षद, उपाध्यक्ष व नगर निगमों के सभापति जनता की भावना के अनुरूप बेहतर ढंग से काम कर सकें इसके लिए पार्षद सहित सभी का मानदेय व भत्ता दोगुना किया जाता है।’ मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में गुंडे, बदमाशों और दबंगों पर कार्रवाई करके 21 हजार एकड़ जमीन इनसे मुक्त कराई गई है। इनमें से जो जमीन शहर में है वह हम गरीबों के मकान बनाने के लिए उपयोग करेंगे और भोपाल के नीलबड़ से इसकी शुरुआत भी हो चुकी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews