
मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा है और इन पर जल्द से जल्द अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही अनुरोध किया है कि गंभीर होते अपराधों को नियंत्रित करने के लिए अगले 100 दिन की कार्ययोजना जनता के सामने रखें और इस बात का विश्वास भी दिलाएं कि आने वाले 100 दिन तक तो वे निश्चिंत होकर सुरक्षित महसूस कर सकते हैं। वही अपने पत्र में जीतू ने मोहन यादव को असफल मुख्यमंत्री के साथ “असफल गृहमंत्री” बताया है। जीतू पटवारी ने इस पोस्ट को पीएमओ, पीएम नरेन्द्र मोदी, सीएम मोहन यादव और सीएमओ मध्य प्रदेश को टैग किया है।
बदमाश खुलेआम बोल रहे हैं, हमें GST दो
जीतू पटवारी ने पत्र में लिखा है कि MP की व्यावसायिक राजधानी इंदौर बदमाशों के निशाने पर है. इंदौर के कालिंदी गोल्ड इलाके की तरह ही एक और घर में हथियाबंद बदमाश घुस गए। इस घटना का भी CCTV वीडियो सामने आ गया है। बदमाश एक कार से नोटों से भरा बैग ले गए हैं। बीते 10 दिन में यह एक और बड़ी वारदात है! आप जानते ही हैं कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरशन के डिपो मैनेजर के घर में घुसे डकैतों का वीडियो देशभर ने देखा था। इसके पहले ग्वालियर-चंबल संभाग से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। बदमाश खुलेआम बोल रहे हैं – हमें GST दो। यहां GST का मतलब “गुंडा सर्विस टैक्स” है। यह वही इलाका है जहां आप मुख्यमंत्री के साथ गृहमंत्री के रूप में भी संभागीय स्तर की कानून व्यवस्था की बैठक कर चुके हैं।
बैतूल में आदिवासी को बेल्ट डंडे से पीटा, ग्वालियर में गैंगरेप
जीतू ने आगे लिखा है कि खुद को मुख्यमंत्री का OSD बताकर दो जालसाजों ने 12 सरकारी कर्मचारियों से 20 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली। रकम 6 से अधिक बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई, जालसाजों ने पुलिस को बताया कि निशाने पर शिक्षा विभाग के कर्मचारी थे। दोनों बीते 3 महीनों से टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी सक्रिय थे। कुछ दिन पहले पूरे देश में MP का सिर शर्म से झुकना वाली एक घटना बैतूल में हुई थी। जब आदिवासी युवक के पूरे कपड़े उतारकर पहले तो छत से उल्टा लटकाया, फिर बेल्ट-डंडों से जमकर पीटा! इस शर्मनाक घटना को भी देश ने देखा है।ग्वालियर के भंवरपुरा में जिस 15 साल की बच्ची से गैंगरेप किया गया, उसके परिवार ने गांव छोड़ दिया! क्योंकि,आरोपी व उनके रिश्तेदार इसी गांव के हैं, इसलिए पुलिस का भी कहना है कि गांव में परिवार को जान का खतरा है।
उज्जैन में भी बीजेपी नेता की हत्या, छतरपुर-भोपाल में दुष्कर्म
उज्जैन में बीजेपी नेता और पूर्व सरपंच रामनिवास जी और उनकी पत्नी मुन्नीबाई की हत्या कर दी गई। इसके पहले उज्जैन जिले में ही महापुरुषों की मूर्तियां लगाने का विवाद होता रहा, लेकिन सरकार का खुफिया तंत्र सोता रहा।से जीप की चोरी हो जाती है। रतलाम में ही पुलिस ने आदिवासी युवक को दोस्तों के सामने चांटे मारे! दो दिन बाद शनिवार को युवक का शव फंदे पर लटका मिला। अपने मध्यप्रदेश में ही रोजगार के लिए सरेआम बेटी की आबरू मांगी जा रही है। छतरपुर में सात साल की बच्ची से बलात्कार किया गया। भोपाल में चलती कार में युवती से दुष्कर्म हुआ, लेकिन, आपकी सरकार पूरी तरह खामोश है।
NCRB के आंकड़ों में भी मध्य प्रदेश आगे
- जीतू ने आगे लिखा है कि NCRB रिपोर्ट के अनुसार, MP में 2021 में SC समूहों के लोगों के ख़िलाफ़ अपराध दर सबसे अधिक थी। 2021 में देश में अनुसूचित जाति के ख़िलाफ़ अपराध की 50,900 घटनाएं हुई, MP में यह संख्या 7,214 थी। MP में 2021 में अनुसूचित जाति के खिलाफ अपराध दर 63.6% थी, जबकि राष्ट्रीय औसत 25.3% था. 2020 -2019 में MP में यह संख्या 60.8 और 46.7% थी। राष्ट्रीय स्तर पर अनुसूचित जाति के खिलाफ अपराध दर 2020 में 25% और 2019 में 22.8% थी!
- मैं फिर दोहराना चाहता हूं सुनियोजित अपराध MP की पहचान बनते जा रहे हैं, इन्हें नियंत्रित नहीं कर पाने के लिए आप ‘असफल मुख्यमंत्री’ के साथ “असफल गृहमंत्री” के रूप में भी अपनी पहचान बनाते जा रहे है। आपने अनुरोध करता हूं की गंभीर होते जा रहे अपराधों को नियंत्रित करने के लिए अगले 100 दिन की कार्ययोजना जनता के सामने रखें। इस बात का विश्वास भी दिलाएं कि आने वाले 100 दिन तक तो वे निश्चिंत होकर सुरक्षित महसूस कर सकते हैं!

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

