MP News : केक काटकर विवादों में फंसे कमलनाथ, सीएम शिवराज ने कहा ‘बगुला भगत’

MP News : केक काटकर विवादों में फंसे कमलनाथ, सीएम शिवराज ने कहा ‘बगुला भगत’

Kamal Nath Cake Controversy : अभी इंदौर के खालसा कॉलेज वाला विवाद ठंडा भी नहीं पड़ा था कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एक बार फिर बीजेपी (BJP) के निशाने पर आ गए हैं। इस बार मामला केक (Cake) से जुड़ा है। कमलनाथ का जन्मदिन 18 नवंबर को होता है। लेकिन तीन दिन पहले ही अपने जन्मदिन का केक काटकर वो विवादों में फंस गए हैं। दरअसल उन्होने जो केक काटा था, वो मंदिरनुमा (Mandir) था। उस केक पर सबसे ऊपर हनुमान जी (Hanuman ji) की तस्वीर लगी हुई है और हनुमान मंदिर का केक काटने के कारण अब बीजेपी उनपर जमकर हमला कर रही है।

केक काटकर विवाद में फंसे कमलनाथ

छिंदवाड़ा के शिकारपुर में कमलनाथ के समर्थक उनके लिए एक मंदिर के आकार वाला केक लेकर पहुंचे थे। इस केक में सबसे ऊपर हनुमान जी की छवि बनी थी और उसमें ‘जननायक’ लिखा था। नीचे ‘माननीय कमलनाथ जी’ लिखा था और उसके नीचे ‘जीवेत शरदः शतम।’ केक की सबसे अंतिम पंक्ति में लिखा था ‘हम हैं छिंदवाड़ा वाले।’ उनके समर्थक काफी उत्साह में थे और कमलनाथ ने सभी के सामने केक काटकर जन्मदिन मनाने की रस्म अदा की। लेकिन इसी के साथ वो विवादों में भी फंस गए हैं। बीजेपी ने इस केक को लेकर उनपर आरोपों की बौछार कर दी है।

बीजेपी ने जड़े आरोप

इस मामले पर सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कमलनाथ को ‘बगुला भगत’ बताया है। उन्होने कहा कि ये मुंह में राम बगल में छुरी वाला कृत्य है। क्या कभी केक पर हनुमान जी बनाए जाते हैं। आप केक पर हनुमानजी बना रहे हैं और उसे काट रहे हैं। ये हिंदू धर्म और सनातन परंपरा का अपमान है और इसे समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा।

वहीं छिंदवाड़ा के भाजपा जिला अध्यक्ष बंटी साहू (Bunty Sahu) ने बाकायदा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कमलनाथ की जमकर आलोचना की। उन्होने कहा कि ‘कमलनाथ जी छिंदवाड़ा में पिकनिक मनाने आए थे। चुनाव नजदीक है तो उन्हें छिंदवाड़ा की याद आ रही है, यहां के लोगों के बारे में बात कर रहे हैं। लेकिन कमलनाथ जी ने, उनके परिवार ने और उनके लोगों ने हमारी धार्मिक भावनाओं को, हमारे राष्ट्र की भावनाओं को हमेशा छलने का काम किया है। वे ऐसे कृत्य करते रहे हैं जिससे हमारी धार्मिक भावनाएं आहत होती है। उनका जन्मदिन अभी तीन दिन बाद है लेकिन कल उन्होने एक केक काटा है, जिसमें केक को मंदिरनुमा बनाया गया है। इस केक में हनुमान जी को काटते हुए दिखाया गया है। क्या कमलनाथ जी ने हमारी धार्मिक भावनाओं को आहत करने का ठेका लेकर रखा है।’

खुद तय करें अपनी सजा

बंटी साहू ने कहा कि जानकारी के मुताबिक ये केक अंडे वाला था और अगर ये बाद सच है तो ऐसे केक में हनुमान जी और मंदिर बनाकर हिंदू धर्म का अपमान किया है। उन्होने कहा कि इस कृत्य का फल उन्हें निश्चित तौर पर भुगतना पड़ेगा। बीजेपी ने कहा कि कमलनाथ जी अगर इस मामले पर माफी भी मांग लेते हैं तो इससे उनकी सजा कम नहीं होगी। ये उन्हें खुद तय करना होगा कि इसे लेकर वो अपनी सजा खुद निर्धारित करें, क्योंकि ये माफी मांगने वाला पाप नहीं है। इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए बीजेपी ने कमलनाथ को जमकर आड़े हाथों लिया।

[dgv_vimeo_video id=”771578379″]

[dgv_vimeo_video id=”771578652″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews