MP News : छतरपुर की घटना पर बोले कमलनाथ ‘भाजपा शासन में आदिवासियों और दलितों पर अत्याचार चरम पर’

mp kamalnath

Kamal Nath attacks BJP on Chhatarpur incident : छतरपुर में एक दलित युवक के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर एक बार फिर कांग्रेस हमलावर है। यहां एक दलित युवक के ऊपर मैला फेंका गया था और इस घटना के तूल पकड़ने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसे लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी ट्वीट करते हुए बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी इसकी निंदा करते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों और दलितों पर अत्याचार चरम पर है।

कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘प्रदेश के छतरपुर में एक दलित व्यक्ति के ऊपर मल लगा देने की घटना अत्यंत घृणित है। ऐसी घटनाएं सभ्य समाज के माथे पर कलंक है। ऐसे कृत्यों से मध्य प्रदेश का नाम कलंकित होता है। इसके पूर्व सीधी में आदिवासी समुदाय के व्यक्ति पर पेशाब करने की घटना से भी प्रदेश को शर्मसार होना पड़ा था। मध्य प्रदेश में भाजपा के 18 साल के कुशासन में दलित और आदिवासियों पर अत्याचार चरम पर हैं। समय आ गया है जब दलित और आदिवासियों के प्रति ऐसी मानसिकता रखने वाली सोच को खत्म किया जाए और मध्य प्रदेश में दलित और आदिवासियों को उनका संविधानिक सम्मान दिलाया जाए।’

बता दें कि इसी मामले पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी ट्वीट करते हुए लिखा था कि ‘मध्य प्रदेश में एक महीनें में ही दलित-आदिवासी अत्याचार की दूसरी बेहद निंदनीय व पीड़ादायक वारदात हुई है, जो मानवता को शर्मसार कर देने वाली है। NCRB Report (2021) के मुताबिक़, भाजपा शासित मध्य प्रदेश में दलितों के ख़िलाफ़ अपराधों का रेट सबसे ज़्यादा है। आदिवासियों के ख़िलाफ़ सबसे अधिक अपराध हुए है, हर दिन 7 से ज़्यादा अपराध हुए। मध्य प्रदेश के हमारे दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के नागरिक दशकों से भाजपाई कुशासन में अपमान का घूँट पी रहे हैं। भाजपा का “सबका साथ”, केवल विज्ञापनों में सिमटकर, एक दिखावटी नारा और PR Stunt बनकर रह गया है ! भाजपा, हर दिन बाबासाहेब अंबेडकर जी के सामाजिक न्याय के सपने को चूर-चूर कर रही है। हम माँग करते हैं कि छतरपुर जिले की इस घटना पर कठोर से कठोर कार्रवाई हो।’

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews