MP News : कमलनाथ का बीजेपी पर बड़ा हमला, कहा ‘जिस स्कूल में पीएम मोदी और सीएम शिवराज पढ़े, वो कांग्रेस ने बनाया’

MP News : कमलनाथ का बीजेपी पर बड़ा हमला, कहा ‘जिस स्कूल में पीएम मोदी और सीएम शिवराज पढ़े, वो कांग्रेस ने बनाया’

Kamal Nath attacked BJP : पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होने कहा कि भाजपाई नेता पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया, उनके लिए जवाब है कि जिस स्कूल में प्रधानमंत्री मोदी जी और मुख्यमंत्री शिवराज जी पढ़े हैं, उसे कांग्रेस ने बनाया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आज दमोह जिले की जबेरा विधानसभा के ग्राम तेजगढ़ में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कमलनाथ ने कहा कि ‘दमोह जिला प्रदेश में ऐसा एक जिला है जहां 70 प्रतिशत आदिवासियों के वन अधिकार का पट्टा बीजेपी द्वारा निरस्त किया गया। मैं आदिवासियों को कहना चाहता हूं कि जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनेगी, ये केस खोलकर हम देखेंगे कि आपको पट्टा मिले।’ उन्होने कहा कि दिसंबर 2018 में  15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। शिवराज जी ने जो प्रदेश हमें सौंपा था वो बेरोजरगारी, किसानों की आत्महत्या, महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन था। उन्होने कहा कि ‘बीजेपी ने सौदेबाजी से हमारी सरकार गिरा दी। मैं भी मुख्यमंत्री था..मैं भी चाहता तो सौदा कर सकता था। लेकिन मैं नहीं चाहता था कि मध्य प्रदेश की पहचान सौदेबाजी से बने। मैंने कभी सौदेबाजी करके सत्ता नहीं चाही।’

उन्होने कहा कि ‘जो बीजेपी हमारे 15 महीने का हिसाब मांगती है वो पहले 18 साल का हिसाब दे। हम 70 साल का हिसाब देने को तैयार हैं।’ कमलनाथ ने पूछा कि ‘मैंने कौन सा पाप किया जो एक हजार गौशाला खोली, कौन सी गलती की जो 100 रूपये में 100 यूनिट बिजली दी, कौन सा गुनाह किया जो विधवा पेंशन बढ़ाई, कौन सा पाप किया जो बेरोजगारों के लिए रोजगार की नई योजनाएं बनाई। ये सब 15 महीने में हुआ जिसमें से ढाई महीने लोकसभा चुनाव और आचार संहिता में गए। साढ़े 11 महीने में हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया।’

पीसीसी चीफ ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा कि इस चुनावी समय में वो अपनी जेब में नारियल रखते हैं। अब जब चुनाव सामने है तो इनको बहनें और अतिथि शिक्षक याद आ रहे हैं। उन्होने कहा कि ‘आज एचएचआरएम कर्मचारी, आशा उषा कार्यकर्ता भटक रहे हैं। शिवराज जी आपने दिया क्या..आपने प्रदेश को बेरोजगारी दी, किसानों को अन्याय दिया, महिलाओं को अत्याचार दिया और घर घर शराब दी।’ कमलनाथ ने कहा कि अब चुनाव बस पांच महीने दूर है और मैं आप सभी से कहना चाहता हूं कि ये किसी उम्मीदवार या पार्टी का चुनाव नहीं है। ये चुनाव भविष्य का है, हमें प्रदेश को किस पटरी पर ले जाना है उसका चुनाव है। कांग्रेस की सरकार आएगी तो आपके उपेक्षित इतिहास को बदलेगी। हमने घोषणा की है कि कांग्रेस की सरकार आने पर हम 500 रूपये में गैस सिलेंडर देंगे और अपनी बहनों को को 1500 रूपये देंगे। उन्होने आह्वान किया कि आप कमलनाथ का या कांग्रेस का नहीं बल्कि सच्चाई का साथ दीजिएगा। कांग्रेस की सरकार आएगी तो हम दमोह का और मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रख पाएंगे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रतनचंद्र जैन, धर्मेश जैन, अजय टंडन, लखन गंगोरिया, प्रताप सिंह राजा पटेलिरा, पवन पटेल सहित कई कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।

[dgv_vimeo_video id=”823262891″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews