नागर सिंह चौहान ने दी मंत्री पद छोड़ने की धमकी, कहा ‘सांसद पत्नी से भी इस्तीफा दिलवा देंगे’

कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए रामनिवास रावत को राज्य सरकार ने वन और पर्यावरण मंत्रालय आवंटित किया है। ये विभाग पहले नागर सिंह चौहान के पास थे और इनके छीने जाने से वे ख़ासे नाराज़ हैं। अब उनके पास सिर्फ अनुसूचित जाति विभाग बचा है।
Nagar

MP News : मध्य प्रदेश बीजेपी में हड़कंप मच गया है। दररअसल प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान ने मंत्री पद से इस्तीफा देने की धमकी दी है। एक दिन पहले ही नागर सिंह चौहान से वन और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विभाग लेकर कांग्रेस से आए रामनिवास रावत को दे दिए गए थे। नागर सिंह चौहान इसे लेकर बहुत ज्यादा आहत है।

विभाग छीने जाने से हैं ख़फ़ा 

निमाड़ क्षेत्र के कद्दावर आदिवासी नेता नागर सिंह चौहान ने मंत्री पद छोड़ने की धमकी दी है। दरअसल रविवार को कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए विधायक रामनिवास रावत को 13 दिनों के बाद राज्य सरकार ने वन और पर्यावरण मंत्रालय आवंटित किया था। यह विभाग पहले नागर सिंह चौहान के पास था। लेकिन यह दोनों विभाग जाने के बाद अब नागर सिंह के पास केवल अनुसूचित जाति विभाग का मंत्रालय बचा है। इसे लेकर उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर किया है।

पत्नी का इस्तीफ़ा कराने की बात भी कही

एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस से आए हुए लोगों को इतने महत्वपूर्ण विभाग दिए जा रहे हैं और हम पूरी जिंदगी बीजेपी की सेवा करके खांटी राजनीति करने वाले लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। नागर सिंह ने यह भी कहा कि अब उनके पास जो अनुसूचित जाति विभाग है वह मध्य प्रदेश में सिर्फ चार प्रतिशत जनता का प्रतिनिधित्व करता है और इसलिए उन्होंने अब फैसला किया है कि वह भविष्य में मंत्री पद छोड़ देंगे और विधायक के रूप में जनता की सेवा करेंगे। बता दें कि नागर सिंह की पत्नी अनीता सिंह भी सांसद हैं और मंत्री नागर सिंह ने यह भी कहा कि वो अपनी पत्नी से भी  संसद सदस्य पद से इस्तीफा दिलवा देंगे।

बीजेपी में हड़कंप 

नागर सिंह का यह बयान आने के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है और डैमेज कंट्रोल की कोशिशें तेज हो गई है। हालांकि यह पहला मौका नहीं जब कांग्रेस नेताओं को प्राथमिकता दिए जाने को लेकर भाजपा के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी हो। इससे पहले भी अजय विश्नोई और गोपाल भार्गव जैसे वरिष्ठ नेता भी इस बात को लेकर अपना रोष व्यक्त कर चुके हैं। अब इस ताज़ा घटना से साफ है कि भाजपा के अंदर ही अंदर कांग्रेस से आए नेताओं को लेकर नाराज़गी पनप रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews