
MP Politics : 50 प्रतिशत कमीशन के मुद्दे पर प्रदेशभर में बवाल मचा हुआ है। इंदौर में प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, कमलनाथ और अरुण यादव के खिलाफ 50% कमीशन वाले पत्र को वायरल करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। लेकिन कमलनाथ लगातार इस मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरने में लगे हुए है। एक बार फिर उन्होने ट्वीट करते हुए शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
कमलनाथ ने कहा है कि ‘चोरी और सीनाजोरी कमीशन राज सरकार का मूल मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री रोज पूरे प्रदेश में घूमकर विकास पर भाषण देते हैं और प्रदेश का नौजवान अपने भविष्य के विनाश पर आंसू बहाता है। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक बेरोजगार नौजवान हैं, लेकिन इन्हें रोजगार की जगह नर्सिंग घोटाला, व्यापम घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला और आयुष्मान कार्ड घोटाला मिलता है। 50% कमीशन के इस राज से विदाई के साथ ही इस घोटाला-राज का अंत होगा, तभी प्रदेश का नौजवान निशंक होगा।‘
बता दें कि कांग्रेस नेताओं पर FIR के बाद रविवार को मध्य प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और केके मिश्रा ने कहा कि पिछले ढाई साल में शिवराज सरकार द्वारा लिए गए घोटालों की लिस्ट जारी की जाएगी और फिर वो देखेंगे कि सरकार के इशारे पर कितने कांग्रेसियों पर मामला दर्ज किया जाता है। कमलनाथ ने भी कहा कि मध्यप्रदेश का बच्चा-बच्चा जिस सरकार को कमीशन राज सरकार के नाम से बुलाता है, वह भ्रष्टाचार की जांच नहीं करती बल्कि वह भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाने वालों पर अत्याचार करती है। इस मुद्दे पर बीजेपी-कांग्रेस आमने सामने है और एक दूसरे पर जमकर आरोप जड़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पहले इस इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया है और लगता नहीं कि ये हंगामा जल्द थमने वाला है।
चोरी और सीनाजोरी कमीशन राज सरकार का मूल मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री रोज पूरे प्रदेश में घूमकर विकास पर भाषण देते हैं और प्रदेश का नौजवान अपने भविष्य के विनाश पर आंसू बहाता है। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक बेरोजगार नौजवान हैं, लेकिन इन्हें रोजगार की जगह नर्सिंग घोटाला, व्यापम…
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) August 14, 2023
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

