MP School: 5017 नव-नियुक्त शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश जारी, शिक्षा मंत्री ने दी बधाई, जानें कब से संभालेंगे स्कूलों की जिम्मेदारी

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगे।
MP School Education Minister Uday Pratap Singh

Uday Pratap Singh

2 साल की इंतजार के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने 5,017 नव-नियुक्त शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें 4067 माध्यमिक शिक्षक और 950 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। ये सभी अभ्यर्थी शिक्षक चयन परीक्षा-2024 के जरिए चयनित हुए थे। विभाग द्वारा 3 और 4 जुलाई को जारी किए गए इन आदेशों के बाद चयनित शिक्षकों का करीब दो साल का लंबा इंतजार खत्म हो गया है।

नव-नियुक्त शिक्षक इसी शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं देना शुरू करेंगे। इसमें माध्यमिक शिक्षक (हिन्दी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान), माध्यमिक शिक्षक (खेल), माध्यमिक शिक्षक (गायन-वादन) के कुल 4067 और प्राथमिक शिक्षक (खेल, नृत्य एवं गायन-वादन) के पदों पर 950 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई है।

बता दें कि ​ये सभी अभ्यर्थी शिक्षक चयन परीक्षा के माध्यम से चयनित हुए थे, लेकिन परिणाम आने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय तक लंबित रही। प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों ने कई बार राजधानी भोपाल सहित विभिन्न मंचों पर विरोध प्रदर्शन भी किए थे। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने जून महीने में शाला विकल्प (चॉइस फिलिंग) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की, जिसकी अंतिम तारीख 21 जून तय की गई थी। चॉइस फिलिंग और लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) स्तर पर सभी लंबित तकनीकी विसंगतियों के निराकरण के बाद अब फाइनल मेरिट और आवंटित स्कूलों के साथ जॉइनिंग लेटर पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं।

माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षकों का ब्योरा

  • ​माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2): कुल 4067 पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इनमें प्रमुख रूप से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान, खेल और गायन-वादन विषयों के शिक्षक शामिल हैं।
  • ​प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3): कुल 950 पदों पर आदेश जारी हुए हैं, जिसमें विशेष रूप से खेल, नृत्य और गायन-वादन विधाओं के लिए शिक्षकों को पदस्थ किया गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नव-नियुक्त शिक्षक बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि चयनित अभ्यर्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। सभी नव-नियुक्त शिक्षक अपने ज्ञान, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने आगे कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उन्होंने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों से अपेक्षा की है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगे।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews