एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ, सीएम डॉ मोहन यादव बोले- टेक्नोलॉजी और हाई टेक निवेश का हब बन रहा प्रदेश, की बड़ी घोषणाएं

डॉ मोहन यादव ने कहा ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट 2025 से लेकर आज तक टेक सेक्टर में 12 हजार करोड़ से अधिक का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इससे हमारी काम करने की गति और आत्मविश्वास झलकता है।
CM Dr. Mohan Yadav inaugurates MP Tech Growth Conclave 3.0 Bhopal

CM Dr. Mohan Yadav inaugurates MP Tech Growth Conclave 3.0 Bhopal

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज भोपाल में आयोजित की जा रही एमपी टेक कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ किया, मुख्यमंत्री ने इस दौरान 178.70 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित 20 औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण किया, बताया गया कि इन इकाइयों की स्थापना से 1229 नायर रोजगार सृजित होंगे, सीएम ने इस खास मौके पर प्रदेश में ‘सेमीकंडक्टर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की स्थापना एवं इंदौर के सुपर कॉरिडोर व भोपाल में अत्याधुनिक आईटी पार्क विकसित किए जाने की घोषणा भी की।

एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर प्रदेश की प्रौद्योगिकी विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।  इस दौरान इंडिया लीड फॉर गूगल प्ले और एमपीएसईडीसी के बीच  एमओयू का आदान-प्रदान भी हुआ। वहीं स्पेन के बार्सिलोना स्थित सबमर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  पैट्रिक स्मेट्स सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में इकाइयां स्थापित करने के लिए लेटर ऑफ अलॉटमेंट प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, तकनीक और प्रतिभा के बल पर दुनिया में नई पहचान बना रहा है। इसी दिशा में मध्य प्रदेश भी कृषि, खनिज और वनों की पारंपरिक पहचान से आगे बढ़कर डिफेंस, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेज़ी से अग्रसर है, आयोजन को भविष्य की द्रष्टि से बहुत उपयोगी बताया, उन्होंने कहा मध्यप्रदेश टेक्नोलॉजी और हाई-टेक निवेश का उभरता हुआ हब बन रहा है।

सीएम ने कहा दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र और सबसे युवा देशों में शामिल भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी प्रतिभा, नवाचार और तकनीकी क्षमता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक तकनीकी महाशक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश इस परिवर्तन का सशक्त भागीदार बन रहा है।

विदेशी कंपनियों की पसंद बना मध्य प्रदेश 

स्पेन, कनाडा, अमेरिका, यूके, जापान और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों की अग्रणी कंपनियां मध्यप्रदेश में 28,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही हैं। राज्य सरकार छोटे और बड़े सभी निवेशकों के लिए समान अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से सभी निवेशकों का हार्दिक स्वागत है।

हमने जो संकल्प लिए, उन्हें पूरा किया

सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि एग्रीकल्चर, माइनिंग और फॉरेस्ट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाला मध्य प्रदेश अब डिफेंस से लेकर ड्रोन, साइंस टेक से लेकर रिन्युएबल एनर्जी, इंडस्ट्री कॉरिडोर से लेकर फ्यूचर गोइंग सेक्टर तक एमपी तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पिछले दो वर्षों में हमने जो संकल्प लिए, उन्हें पूरा किया। पिछले दो संस्करणों में हमें 46 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, 22 नए औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण हुआ और 4 नई परियोजनाओं का भूमि-पूजन किया गया।

40 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश 

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश में निवेश के लिए दुनिया का कई बड़ी कंपनियां आगे आ रही हैं, उन्हें सरकार की निवेश पॉलिसी, प्रदेश का वातावरण, यहाँ उपलब्ध संसाधनों पर भरोसा है उन्होंने बताया कि आज मध्यप्रदेश में जीसीसी, डाटा सेंटर और सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी के विकास के लिए निवेश और भविष्य की संभावनाओं पर महत्वपूर्ण चर्चा हो रही है। डिजिटल और टेक्नोलॉजी सेक्टर में अब तक 12 हजार करोड़ से अधिक निवेश धरातल पर आ चुका है और आगे भी इस पर काम हो रहा है। एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में अलग-अलग दिग्गज टेक कंपनियां 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करने जा रही हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews