MP TET: शिक्षकों के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 5 अक्टूबर तक भर सकेंगे फॉर्म

टीईटी की अनिवार्यता से प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख सेवारत शिक्षक प्रभावित होंगे। शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। इस अवधि में छह परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे उन्हें पात्रता पूरी करने के कई अवसर मिलेंगे।
MP TET 2026

मध्यप्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के आवेदन की समयसीमा बढ़ा दी गई है। अब शिक्षक 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर निर्धारित की गई थी। आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू हुई थी।

शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लागू हुई है। अदालत ने पात्रता परीक्षा को लेकर सेवारत शिक्षकों के लिए भी व्यवस्था स्पष्ट की है। मध्यप्रदेश में संबंधित शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करने की समयसीमा दी गई है। इस अवधि में प्रदेश में कुल छह पात्रता परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसका अर्थ ये हुआ कि शिक्षकों को परीक्षा पास करने के लिए एक से अधिक अवसर मिलेंगे।

किन शिक्षकों के लिए जरूरी है परीक्षा

शिक्षक पात्रता परीक्षा उन सेवारत शिक्षकों के लिए अनिवार्य की गई है, जिन्होंने आरटीई के तहत निर्धारित टीईटी पहले पास नहीं की है। इसमें सरकारी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर पढ़ाने वाले अलग-अलग श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं। प्राथमिक स्तर पर सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्राथमिक शिक्षक विज्ञान और प्रयोगशाला शिक्षक जैसी श्रेणियां परीक्षा के दायरे में हैं। वहीं माध्यमिक स्तर पर उच्च श्रेणी शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक, अध्यापक और संविदा शाला शिक्षक वर्ग-2 को भी परीक्षा देनी होगी। निजी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में अध्यापन करने वाले शिक्षक भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

लगभग डेढ़ लाख शिक्षक परीक्षा के दायरे में

मध्यप्रदेश में लगभग 1.50 लाख सेवारत शिक्षकों के इस परीक्षा के दायरे में हैं। शिक्षक संगठनों की ओर से परीक्षा की अनिवार्यता और प्रक्रिया को लेकर लगातार विरोध किया जा रहा है। इसी बीच लोक शिक्षण संचालनालय ने कर्मचारी चयन मंडल को आवेदन की समयसीमा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अब आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर रखी गई है। वहीं अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन के लिए 6 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर से प्रस्तावित है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews