MP Vaccination MahaAbhiyan : घर-घर जाकर दिए जाएंगे पीले चावल, सीएम ने दिए ये निर्देश

MP Vaccination MahaAbhiyan : घर-घर जाकर दिए जाएंगे पीले चावल, सीएम ने दिए ये निर्देश

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। सीएम शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 25 और 26 अगस्त को वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने के लिए सभी मंत्रियों, कलेक्टर्स और क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप्स के सदस्यों से चर्चा की। इस दौरान उन्होने मध्यप्रदेश की जनता, सभी जनप्रतिनिधि, सभी धर्मगुरु और शासन-प्रशासन के सभी लोगों से आह्वान किया कि सब मिलकर 25 और 26 अगस्त को आयोजित होने वाले वैक्सीनेशन महाअभियान (MP Vaccination MahaAbhiyan) को सफल बनाएं।

रक्षाबंधन पर CM Shivraj की अपील “बहनें राखी के गिफ्ट में भाई से टीकाकरण का वचन लें”

प्रदेश में वैक्सीनेशन के लिए तैयार की गई रणनीति के अनुसार 25 अगस्त को 20 लाख लोगों को पहला और 26 अगस्त को 10 लाख लोगों को दूसरा डोज प्राथमिकता से देने का निर्णय लिया गया है। अगस्त माह में भारत सरकार से प्राप्त करीब 74.7 लाख डोज में से 73.9 लाख की खपत हो चुकी है। प्रदेश में महाअभियान के लिए आवश्यक डोजेज की व्यवस्था की गई है। प्रदेश की वैक्सीनेशन के लिए पात्र 548.9 लाख आबादी में से 332.0 लाख को प्रथम डोज और 64.9 लाख आबादी को द्वितीय डोज लग चुका है। सितम्बर माह तक प्रथम डोज शत-प्रतिशत पात्र आबादी को लग जाए, यह लक्ष्य है। पंचायतवार, विकासखण्डवार दूसरे डोज के लिए लाभार्थियों की सूची तैयार कर कार्य हो रहा है।

सीएम ने कहा कि वैक्सीनेशन के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की जाए। इसी के साथ कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल देकर वैक्सीनेशन के लिए आमंत्रित करने और अन्य नवाचारों से इस अभियान को गति दी जाए। सोशल मीडिया पर भी अपील करते हुए लोगों को प्रेरित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न धर्मगुरू और समाजसेवी भी इस अभियान से जुड़ जायें तो अच्छी सफलता मिलेगी। प्रदेश में जन जागरण से सितम्बर माह तक प्रथम डोज के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है। इस महाअभियान के अंतर्गत सार्थक लाइट एप पर वॉलंटियर्स का पंजीकरण भी किया गया है। प्रत्येक वॉलंटियर को दूसरे डोज के ड्‌यू लाभार्थी की एक सूची मोबिलाइजेशन के लिए प्राप्त होगी। दो-दिवसीय अभियान में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य, करीब एक लाख कोविड वॉलंटियर्स, 32 हजार साथिया, मोबिलाइजर्स और 3.75 लाख ब्रगेड सदस्यों के माध्यम से दूसरी डोज के बैकलॉग लाभार्थियों को जुटाने का कार्य किया जाएगा।

प्रदेश में अब तक 4 करोड़ नागरिकों का टीकाकरण हो चुका है। अभी तक के आंकड़ों में इंदौर वैक्सीनेशन में प्रदेश में प्रथम है। यहां 95 प्रतिशत लोग प्रथम डोज और 27 प्रतिशत लोग द्वितीय डोज लगवा चुके हैं। शहरी क्षेत्र में वैक्सीनेशन कार्य अच्छा हुआ है। भोपाल शहर में प्रथम डोज 85 प्रतिशत लोग और दूसरा डोज 25 प्रतिशत लोग लगवा चुके हैं। प्रदेश में 21 जून से 3 जुलाई के मध्य संचालित प्रथम वैक्सीनेशन महाअभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इंदौर, सीहोर और उज्जैन का रहा है। इंदौर जिले में 21.3 प्रतिशत, सीहोर जिले में 18.2 प्रतिशत और उज्जैन जिले में 16.5 प्रतिशत पात्र आबादी को प्रथम डोज लगाया जा चुका है। राजधानी भोपाल में प्रथम डोज 85 प्रतिशत लोग और दूसरा डोज 25 प्रतिशत लोग लगवा चुके हैं। सीएम ने कहा कि ने कहा कि वैक्सीनेशन और कोविड अनुकूल व्यवहार ही कोविड 19 नियंत्रण का प्रभावी माध्यम है। वैक्सीन के लिए प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक संस्था लोगों को प्रेरित करे कि वे वेक्सीन जरूर लगवाएं। जिनका दूसरा डोज ड्यू है उन्हें विशेष रूप से प्रेरित करना है।

सीएम हाउस में हुई बैठक में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद, गोपाल भार्गव, विश्वास सारंग, डॉ. प्रभुराम चौधरी, बिसाहूलाल सिंह, कमल पटेल, मोहन यादव, राम खेलावन पटेल,  ऊषा ठाकुर, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, ब्रजेंद्र प्रताप सिंह, भारत सिंह कुशवाह, वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी कलेक्टर्स और क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्य मौजूद थे।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews