
MP Weather Alert Today : मानसून की सक्रियता बढ़ते ही मध्य प्रदेश में फिर से लगातार बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश से एक बार फिर नदी नाले उफान पर आ गए है। गुरुवार देर रात बरगी डैम के 15 गेट खोले गए है। आज शुक्रवार को भी 2 दर्जन से ज्यादा जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वही सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दमोह का दौरा स्थगित कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के भोपाल, नर्मदापुरम समेत अन्य संभाग में कम दबाव का असर है, शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
- नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और मंडला में अति भारी बारिश का अलर्ट ।
- भोपाल, सीहोर, राजगढ़, हरदा, इंदौर, देवास, शाजापुर, ग्वालियर, मुरैना, सतना, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, डिंडोरी, सागर, टीकमगढ़, विदिशा, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, भिंड,
- श्योपुरकलां, दतिया, पन्ना, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह और बालाघाट में तेज बारिश की चेतावनी।
- बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली और सीधी में हल्की बारिश।
जानिए क्या कहता है मौसम विभाग
झारखंड के आसपास बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में आगे बढ़कर उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास अवदाब के रूप में बना हुआ है। यह पश्चिम-उत्तर और पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश में पहुंचने की संभावना है। इस शक्तिशाली मौसम प्रणाली के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, शहडोल, रीवा, सागर संभाग के जिलों में भारी बारिश हो रही है। इसके अलावा भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, इंदौर संभाग में भी मध्यम बारिश हो रही है। आज जबलपुर, नर्मदापुरम, भोपाल संभाग के जिलों के साथ रायसेन, सीहोर, विदिशा जिले में भी भारी वर्षा हो सकती है।
प्रशासन अलर्ट, स्कूल बंद
भारी बारिश के चलते जबलपुर, डिंडौरी और कटनी में आज अवकाश घोषित किया गया है, वही नरसिंहपुर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। नरसिंहपुर में अतिवर्षा और नर्मदा की बाढ़ से गाडरवारा तेंदूखेड़ा मार्ग बंद, स्कूलों, आंगनबाड़ी में अवकाश घोषित किया गया है। बता दे कि मध्यप्रदेश में 1 जून से अब तक ओवरऑल 6% बारिश ज्यादा हो चुकी है। पूर्वी हिस्से में 4% कम और पश्चिमी हिस्से में 9% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

