किसानों के लिए जरूरी खबर, अब 10 अप्रैल से होगी गेहूं खरीदी, कैबिनेट समिति ने लिए फैसला, MSP 2625 रुपए

बताया गया है कि फसल की खरीदी के बाद भुगतान की राशि सीधे किसान के आधार लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी। किसान ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से अपनी सुविधानुसार स्लॉट बुक कर सकते हैं।
Wheat procurement

wheat procurement

मध्य प्रदेश के गेहूं उत्पादक किसानों के लिए जरूरी खबर है, राज्य सरकार ने गेहूं खरीदी तारीख में बदलाव किया है अब ये 1 अप्रैल से नहीं 10 अप्रैल से शुरू होगी, आज सोमवार को कैबिनेट समिति की एक उच्च स्तरीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें राज्य में गेहूं उपार्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें   रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीदी की तारीख में वृद्धि का फैसला लिया गया ।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकरी देते हुए बताया है कि कैबिनेट समिति ने निर्णय लिया है कि इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और भोपाल संभाग में गेहूं की खरीदी 1 अप्रैल से नहीं 10 अप्रैल 2026 से शुरू होगी जबकि शेष संभागों में 15 अप्रैल से शुरू होगी।खाद्य मंत्री ने बताया इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2625 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसमें ​केंद्र सरकार का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 प्रति क्विंटल है और 40 रुपये प्रति क्विंटल राज्य सरकार द्वारा बोनस के रुप में दिया जाएगा।

उन्होंने बताया राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें खरीदी केंद्रों की स्थापना, भंडारण क्षमता, परिवहन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाना शामिल है। मंत्री राजपूत ने बताया कि खरीदी केंद्रों पर कामकाज सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रहेगा और सरकारी छुट्टियों के दिनों में भी केंद्र खुले रहेंगे।

बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश 

खाद्य मंत्री राजपूत ने बताया कि बैठक में मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए खाद्यान्न आपूर्ति एवं भंडारण व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। समिति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी करते समय इस बात का ध्यान रखा जाये कि किसानों को किसी तरह की परेशानी ना हो। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि किसानों को भुगतान सही समय पर मिले इसके लिए डिजिटल भुगतान प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

गेहूं खरीदी की तारीख 

10 अप्रैल 2026 से  भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभागों में खरीदी शुरू होगी।
​15 अप्रैल 2026 से जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, शहडोल, चंबल और सागर संभागों में खरीदी शुरू की जाएगी।

19 लाख से अधिक किसानों ने कराया है पंजीयन

जानकारी के मुताबिक रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए कुल 19 लाख 4 हजार 651 किसानों ने पंजीयन कराया है। पिछले वर्ष 15 लाख 44 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews