मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मिला 100 दिन का प्लान

बैठक में पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति तय की गई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर दस नए युवाओं को जोड़ने, जनता के बीच नियमित संवाद बढ़ाने और आगामी पंचायत चुनावों में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
MP Youth Congress meeting

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने युवा कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर तक जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या को उठाने, हर बूथ पर दस नए युवाओं को जोड़ने और आगामी पंचायत चुनावों में बड़ी संख्या में हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया। इसी के साथ युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को 100 दिन का प्लान भी दिया गया।

इस बैठक में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शिवि शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव मितेंद्र सिंह और सह प्रभारी रुपेश भदौरिया मौजूद रहे। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, जिला अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष और 230 विधानसभा अध्यक्ष भी शामिल हुए।

वरिष्ठ नेताओं ने किया नए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन

मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने नवनिर्वाचित सदस्यों से जनता के बीच जाने और संवाद करने को कहा। इस अवसर पर हरीश चौधरी ने कहा कि पंचायत स्तर तक हर जनहित के मुद्दे को मुखरता से उठाना ही युवा कांग्रेस का मूल संकल्प होना चाहिए। जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हर बूथ पर दस नए युवाओं को जोड़ें और उन्हें यह भरोसा दिलाएं कि उनके अधिकारों की लड़ाई युवा कांग्रेस पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। उमंग सिंघार ने युवाओं में विश्वास पैदा करने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं मनीष शर्मा ने आगामी पंचायत चुनावों में युवा कांग्रेस के अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को मैदान में उतरने और अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।

नवनिर्वाचित कार्यकर्ताओं को मिला 100 दिन का एक्शन प्लान

बैठक में युवा कांग्रेस के यश घनघोरिया ने कहा कि संगठन जनहित के मुद्दों और समस्याओं को पंचायत स्तर तक जाकर उठाएगा और जनता की लड़ाई गांव-गांव तक पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी। इस बैठक में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सौ दिन का विस्तृत एक्शन प्लान सौंपा गया, जिसमें डोर-टू-डोर अभियान, पंचायत चौपाल और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। सभी गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग IYC ऐप के माध्यम से की जाएगी और पदाधिकारियों के कार्य प्रदर्शन का आकलन इसी आधार पर होगा। इस उद्देश्य से कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews