MP Breaking News

MPTET 2026: शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अब आवेदन की अंतिम तिथि 18 सितंबर, अक्टूबर में एग्जाम, ऑफलाइन भी दे सकेंगे

सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के संबंधित शिक्षकों के लिए पात्रता परीक्षा पास करना जरूरी है। परीक्षा पास करने की अंतिम समय-सीमा 31 अगस्त 2028 तय की गई है।
MP TET 2026

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने सेवारत प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (MP TET 2026) की आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब शिक्षक 18 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही आवेदन में संशोधन के लिए भी तिथि बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी गई है। परीक्षा अक्टूबर 2026 में आयोजित की जाएगी।

बता दें कि पहले आवेदन की तिथि 21 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तय की गई थी और ​आवेदन में संशोधन की अंतिम तारीख 09 सितंबर 2026 रखी गई थी लेकिन 3 सितंबर तक करीब 12 हजार आवेदन ही प्राप्त हुए हैं, जबकी परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संभावित संख्या डेढ़ लाख के आसपास है।

चुंकी परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की पूरी नामवार सूची और कुल संख्या अभी स्पष्ट नहीं की गई है। नियम पुस्तिका में सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, सहायक अध्यापक, संविदा शाला शिक्षक वर्ग-3, प्रयोगशाला सहायक और प्राथमिक शिक्षक विज्ञान सहित संबंधित श्रेणियों का उल्लेख किया गया है।

कम आवेदन किए जाने और अंतिम तिथि समाप्त (आज, 4 सितंबर) होने के चलते स्कूल शिक्षा विभाग और कर्मचारी चयन मंडल की सहमति के बाद तारीख में वृद्धि की गई है। शिक्षक अब निर्धारित तिथि तक ​आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।  सभी श्रेणी और संवर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क ₹1,000 तय किया गया है। इसके अतिरिक्त, MP Online कियोस्क से आवेदन करने पर ₹60 या स्वयं पोर्टल के माध्यम से भरने पर ₹20 का शुल्क लगेगा।

परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर 2026 से दो पालियों में शुरू होगा। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। रिपोर्टिंग का समय सुबह 8 बजे से 9 बजे तक है। दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। रिपोर्टिंग का समय दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच रखा गया है।

परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे और पेपर 150 अंकों का होगा। उत्तर अंकित करने के लिए 2 घंटे 30 मिनट (150 मिनट) का समय मिलेगा। राहत की बात है कि इसमें कोई नकारात्मक अंकन (Negative Marking) नहीं होगा।  जो शिक्षक कंप्यूटर चलाना नहीं जानते हैं, उन्हें ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन परीक्षा देने का विकल्प दिया जाएगा

बता दें कि ​सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत यह परीक्षा उन शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है जिन्होंने अब तक पात्रता परीक्षा पास नहीं की है। सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में 1998 से 2009 के बीच नियुक्त हुए शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करने के बाद ही नौकरी में बने रहने के आदेश दिए थे। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने कर्मचारी चयन मंडल के जरिए परीक्षा कराने का फैसला लिया और आवेदन की तिथि जारी की।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani
Follow Us :GoogleNews
MPTET 2026: शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अब आवेदन की अंतिम तिथि 18 सितंबर, अक्टूबर में एग्जाम, ऑफलाइन भी दे सकेंगे - MP Breaking News