MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

Mumbai Investment Summit: मुंबई में छाया मध्यप्रदेश का निवेश मॉडल, मिले 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सीएम बोले- MP और महाराष्ट्र एक ही मां की संतान

मध्यप्रदेश को 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, मुंबई में इंटरैक्टिव सेशन में बड़ी उपलब्धि, सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- अब तक 34 लाख करोड़ के MOU, 10 लाख करोड़ के धरातल पर उतरे
CM Mohan Yadav

मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आयोजित ‘Interactive Session on Investment Opportunities in Madhya Pradesh’ में सहभागिता की। इस दौरान सीएम ने निवेशकों और उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की एवं राज्य की निवेश क्षमता, उद्योग अनुकूल नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी साझा की।

बता दें कि मुंबई आयोजित समिट के दौरान सीएम मोहन यादव ने उद्योगपतियों को एमपी के विभिन्न जिलों में निवेश करने को लेकर आमंत्रित किया। सीएम ने RPG समूह, आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड, वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड, इप्का लैबोरेटरीज लिमिटेड, भिलोसा इंडस्ट्रीज, सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुख्य प्रबंध निदेशकों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं एवं अवसरों पर वन-टू-वन चर्चा की।

मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र एक ही मां की संतान: सीएम मोहन यादव

मीडिया से बातचीत करते हुये सीएम मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार की ओर से गुरुवार को मुंबई में रोड शो के माध्यम से निवेशकों से संवाद किया गया एवं राज्य में निवेश के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई है। वहीं, इस दौरान सीएम ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को एक ही मां की संतान बताया।

मध्यप्रदेश बन रहा निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र वैश्विक दृष्टि से सक्षम निवेशकों का गढ़ है वहीं मध्यप्रदेश संभावनाओं का गढ़ है। उन्होंने कहा कि.. एमपी में पर्याप्त बैंकिंग सुविधाएं, सरप्लस बिजली, देश में सबसे सस्ती बिजली, बेहतर मानव संसाधन और विशेष रूप से आवश्यक स्किल्ड लेबर मौजूद है। इसके साथ ही.. अपराध-मुक्त जीवन-पद्धति और देश के मध्य में हमारी भौगोलिक स्थिति जैसे अनेक कारण मध्यप्रदेश को निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहे हैं।

मध्यप्रदेश को मिले 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव

सीएम मोहन यादव ने कहा कि मुंबई में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन के दौरान मध्यप्रदेश को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि अकेले मुंबई रोड शो के माध्यम से प्रदेश को करीब 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुये हैं। जिससे युवाओं के लिये करीब 15000 रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब तक करीब 34 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने आगे बताया कि एमपी सरकार अगले साल एक बार फिर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने मुंबई रोड शो के माध्यम से सभी निवेशकों और उद्योग समूहों को आगामी GIS में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

विभिन्न कंपनियों ने एमपी में निवेश करने की जताई मंशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से नवकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेशकों की रुचि देखने को मिली है। ACME Global मध्यप्रदेश में करीब 47 हजार करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहा है। इसी तरह अवाडा समूह, INOX और Air Products जैसे बड़े निवेशकों से भी प्रदेश में निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सीएम ने बताया कि फार्मा सेक्टर में भी इनक्यूब एथिकल सहित कई बड़ी कंपनियों ने एमपी में निवेश करने और अपने कारोबार के विस्तार की मंशा व्यक्त की है।

इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा सेंटर और केमिकल विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में भी निवेशकों ने विशेष रुचि दिखाई है। इन निवेश प्रस्तावों से मध्यप्रदेश के औद्योगिक संबंध और मजबूत होंगे। साथ ही प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कंपनियों की इस रुचि से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।

सीएम मोहन यादव की निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा

RPG समूह: सीएम मोहन यादव ने मुंबई में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद’ कार्यक्रम में RPG समूह के अध्यक्ष हर्ष गोयनका के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक में विद्युत पारेषण, टायर निर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान गोयनका ने जबलपुर में निवेश कर विद्युत पारेषण क्षेत्र में नई इकाई स्थापित करने में रुचि दिखाई।

आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड: इसी कड़ी में सीएम मोहन यादव ने आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ जैन से मध्यप्रदेश में निवेश संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने गुना में भारत का पहला अति-उच्च शुद्धता वाला सेमीकंडक्टर-ग्रेड सिलेन गैस संयंत्र स्थापित करने के लिए 1,260 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। परियोजना से अप्रैल 2029 से उत्पादन प्रस्तावित है। यह संयंत्र सेमीकंडक्टर उद्योग में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण गैस के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड: इसके अलावा, सीएम मोहन यादव ने मुंबई में आयोजित इंटरैक्टिव सेशन में वेलस्पन एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में पाइप निर्माण, टेक्निकल टेक्सटाइल और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश एवं नई परियोजनाओं की संभावनाओं पर चर्चा की गई। वेलस्पन समूह ने टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने, एंकर यूनिट स्थापित करने तथा एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये के निवेश में रुचि व्यक्त की। बैठक में सिंटेक्स के 700 करोड़ रुपये के प्रगतिरत निवेश सहित रायसेन और देवास में समूह की गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।

भिलोसा इंडस्ट्रीज: सीएम मोहन यादव ने भिलोसा इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक संदीप जैन के साथ चर्चा की। इस दौरान बैठक में भिलोसा इंडस्ट्रीज ने पीएम मित्र पार्क, धार में चरणबद्ध रूप से 7500 करोड़ रुपये तक के संभावित निवेश की योजना साझा की। प्रस्तावित निवेश से करीब 3750 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। परियोजना में वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुंबई इंटरैक्टिव सेशन में सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से वन-टू-वन चर्चा की। बैठक में पीथमपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड परियोजना के लिए भूमि, आवश्यक अवसंरचना, अनुमतियों और निवेश प्रोत्साहन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। कंपनी ने पीथमपुर में लगभग 3000 करोड़ रुपये के निवेश से परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है, जिससे करीब 1750 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
Mumbai Investment Summit: मुंबई में छाया मध्यप्रदेश का निवेश मॉडल, मिले 90 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सीएम बोले- MP और महाराष्ट्र एक ही मां की संतान - MP Breaking News