कमलनाथ के फैसले का BJP ने किया विरोध तो पिता के समर्थन में उतरे नकुलनाथ

कमलनाथ के फैसले का BJP ने किया विरोध तो पिता के समर्थन में उतरे नकुलनाथ

भोपाल।

फिल्म अभिनेत्री दीपिक पादुकोण की एसिड सर्वाइवर पर बनी फिल्म छपाक को कमलनाथ सरकार द्वारा टैक्स फ्री किए जाने पर सियासत गर्मा गई है।बीजेपी ने इसे टैक्स फ्री किए जाने पर सवाल उठाना शुरु कर दिया है और सरकार की घेराबंदी में जुट गई है। बीजेपी का आरोप है कि राजनैतिक फायदे के लिए सरकार ने इसे टैक्स फ्री किया है, इससे साफ होता है कि सरकार देश विरोधी ताकतें टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन करती है।बीजेपी का कहना है कि अगर टैक्स का पैसा तेजाब पीड़ित महिलाओं और लड़कियों पर खर्च किया जाता तो बेहतर होता। खाली खजाना कहने वालों को टैक्स फ्री से क्या फायदा होगा।  इसी बढ़ते विरोध के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा से कांग्रेस के सांसद नकुलनाथ का बड़ा बयान सामने आया है।उन्होंने विरोध करने वालों को महिला विरोधी बताया है।

नकुलनाथ ने ट्वीट कर कमलनाथ सरकार के फैसले का स्वागत किया है और लिखा है कि एसिड पीड़ित महिलाओं के जज़्बे की कहानी को दर्शाती फ़िल्म ‘छपाक’ को टैक्स फ्री करने के फैसले का स्वागत। मुख्यमंत्री कमलनाथ जी का आभार । टैक्स फ्री फैसले का विरोध करने वाले ना केवल महिला विरोधी है,बल्कि महिलाओं पर ऐसिड फैंकने वाली प्रवृत्ति के हैं।

दरअसल,  बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक आज 10 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।दीपिका इसमें एसिड सर्वाइवर का किरदार निभाती दिखेंगी। बीजेपी को दीपिका पादुकोण के जेएनयू पहुंचने पर ऐतराज है और नेताओं का आरोप है कि दीपिका ने जेएनयू पहुंच कर टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन किया है, जिसे पूरा देश बहिष्कार कर रहा है, उसे सरकार टैक्स फ्री कर रही है। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले हुई इस कंट्रोवर्सी से ऐसा माना जा रहा है कि दीपिका को इसका भारी नुकसान चुकाना पड़ेगा।हालांकि सोशल मीडिया पर मिले समर्थन ने ट्वीटर पर दीपिक का फॉलोवर्स की संख्या बढ़ा दी है।

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews