राष्ट्रीय मतदाता दिवस : मतदान के अधिकार और कर्तव्य की अहमियत समझने का दिन, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया ये आह्वान

राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी और हमारी भूमिका को समझने का अवसर है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि मतदान सिर्फ एक अधिकार नहीं, बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। हर नागरिक का वोट लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहायक होता है इसीलिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग पूरी जिम्मेदारी से करना चाहिए।
National Voters Day

National Voter’s Day : आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस है भारत में हर साल 25 जनवरी को ये दिन नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। ये राष्ट्रीय मतदाता दिवस का 15वां वर्ष है। आज के दिन निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी प्रक्रिया में उत्कृष्टता के लिए विभिन्न पुरस्कार भी दिए जाते हैं, ताकि चुनावी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके।

आज का दिन नए मतदाताओं को चुनावों में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करता है। इस दिन पर सीएम मोहन यादव ने शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर लिखा है कि ‘देश की प्रगति, अंत्योदय के संकल्प की सिद्धि और लोकतंत्र की सुदृढ़ता का आधार हैं जागरूक मतदाता। राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक बधाई। यह दिवस प्रेरित करता है कि मतदान कर हम अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य का निर्वहन करें। जो युवा 18 वर्ष की आयु पार कर चुके हों, मतदाता अवश्य बनें।’

क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय मतदाता दिवस

राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुरुआत 2011 में हुई थी, जब इसे भारतीय चुनाव आयोग द्वारा नए मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए मनाने का निर्णय लिया गया था। ये दिन भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) की स्थापना के दिन को चिह्नित करता है, जो 25 जनवरी 1950 को स्थापित हुआ था। इस दिन विशेष रूप से युवाओं और नए मतदाताओं को उनके मताधिकार का महत्व बताया जाता है, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी बढ़ा सकें।

इस दिन का महत्व

राष्ट्रीय मतदाता दिवस का महत्व इस बात में निहित है कि यह लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाता है। जब नागरिक अपने मताधिकार का सही तरीके से प्रयोग करते हैं तो यह लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है। ये दिन सिर्फ चुनावों में भागीदारी के महत्व को नहीं बताता, बल्कि यह भी याद दिलाता है कि प्रत्येक नागरिक का वोट देश के भविष्य को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण होता है। साथ ही, यह दिन मतदाता सूची में नाम जोड़ने और मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए जागरूकता भी बढ़ाता है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि जब हम अपने वोट का सही तरीके से उपयोग करते हैं तो यह पूरे समाज को एक सकारात्मक बदलाव की दिशा में अग्रसर करता है। यही कारण है कि इस दिन को मनाना न सिर्फ चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा है, बल्कि एक नागरिक के तौर पर हर व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी भी है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews