एमपी अजब है : पुलिस मुख्यालय ने मृत SI का कर दिया तबादला

एमपी अजब है : पुलिस मुख्यालय ने मृत SI का कर दिया तबादला

भोपाल| ‘MP अजब है सबसे गजब है’, यह स्लोगन अक्सर मध्य प्रदेश में होने वाली कुछ घटनाओं पर फिट बैठती है| राज्य में नई सरकार के गठन के बाद से ही तबादलों को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा हुई| कभी एक ही अधिकारी के कई बार तबादले कर दिए गए तो तबादलों की जल्दबाजी में सरपंच तक के ट्रांसफर का मामला सुर्ख़ियों में रहा| अब पुलिस मुख्यालय ने एक मृत पुलिस अधिकारी का तबादला कर दिया| गुरूवार रात जारी हुई ट्रांसफर की सूची को देख जहां लोग हैरान है तो वहीं यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि विभाग को क्या अपने ही पुलिसकर्मी के सम्बन्ध में जानकारी नहीं है|

दरअसल, पुलिस मुख्यालय ने गुरुवार को उपनिरीक्षकों के थोकबंद तबादले कर दिए| देर रात जारी हुई 87 एसआई के तबादले की सूची में 77 नंबर पर नाम छोटेलाल तोमर का है, जिनका आगर मालवा से ग्वालियर तबादला किया गया है| जबकि एसआई छोटेलाल का पिछले दिनों निधन हो चुका है| बताया जा रहा है कि स्व. छोटेलाल मुरैना के रहने वाले थे और 12 नवंबर को उनकी कैंसर के चलते मौत हो गई थी|

अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि जो व्यक्ति इस दुनिया में नहीं है उसका तबादला कैसे कर दिया गया| क्या विभाग को अपने ही कर्मचारी के संबंध में जानकारी नहीं है| छोटेलाल तोमर आगर मालवा जिले के सोयत में पदस्थ थे| जैसा कि बताया जा रहा है वे कैंसर से पीड़ित थे और पिछले दिनों उनका निधन हो गया|

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews