PM Modi 11 अप्रैल को MP में, सीएम डॉ मोहन यादव ने किया स्वागत, कहा- आपका आगमन आनंद और उत्साह से भर देता है

ट्रस्ट द्वारा आनंद प्राथमिक विद्यालय सुखपुर, आनंद माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर तथा आनंद मिडिल स्कूल ग्राम सुखपुर में संचालित हैं, जिसमें 62 शिक्षक-शिक्षिकाएं पदस्थ हैं एवं 1215 छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं।
PM Modi in MP on 11 April

PM Modi in MP on 11 April : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 11 अप्रैल को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में ईसागढ़ तहसील के आनंदपुर धाम आएंगे। प्रधानमंत्री यहाँ गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे और आनंदपुर धाम स्थित मंदिर परिसर का भ्रमण भी करेंगे। सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रधानमंत्री के मध्य प्रदेश आगमन पर स्वागत किया है।

प्रधानमंत्री मोदी भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप अशोकनगर जिले के ईसागढ़ में बने आनंदपुर धाम आएंगे। आपको बता दें, आध्यात्मिक और पारमार्थिक उद्देश्य से स्थापित आनंदपुर धाम 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। यहां आधुनिक गौशाला संचालित है, जिसमें 500 से अधिक गौवंश है। आनंदपुर ट्रस्ट यहाँ कृषि कार्य भी कर रहा है।

1977 से संचालित है चैरिटेबल अस्पताल 

श्री आनन्दपुर ट्रस्ट ग्राम सुखपुर तहसील ईसागढ़ में 1977 से चैरिटेबल अस्पताल संचालित है। यहां मरीजों के लिए 125 बिस्तरों की व्यवस्था है। अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 600 मरीजों की ओ.पी.डी. संचालित है। यहां एमडी फिजिशियन, डेंटल स्पेशलिस्ट, एमएस जनरल सर्जरी, एम.एस. आर्थोपेडिक, कॉर्डियोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट तथा नेत्रसर्जन पदस्थ है। वर्ष में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी यहां आयोजित किये जाते हैं।

श्री आनंदपुर ट्रस्ट के महत्वपूर्ण सत्संग केन्द्र

श्री आनंदपुर ट्रस्ट के अन्य महत्वपूर्ण सत्संग केन्द्र श्री प्रयागधाम जिला पुणे (महाराष्ट्र), श्री आनंदपुर सत्संग ट्रस्ट जम्मू, अमरधाम चैम्बूर मुम्बई (महाराष्ट्र), विवेक धाम बैंगलुरू (कर्नाटक), स्वरूप धाम पथरीताल गोंडा (उ.प्र.), आनंदधाम पंचगुणी जिला सतारा (महाराष्ट्र), आनंदधाम वसंतकुंज (दिल्ली) तथा श्री संतनगर जिला धौलपुर (राजस्थान) में संचालित है। मध्यप्रदेश में पुनीत धाम जिला शिवपुरी, परमधाम जिला ग्वालियर और सुखधाम जिला इंदौर में ट्रस्ट के सत्संग केन्द्र स्थापित हैं। श्री आनंदपुर ट्रस्ट एवं इसके अन्य आश्रमों में वैशाखी, गुरु पूर्णिमा, दीपावली, मकर संकाति और श्री परमहंस जी का जन्मोत्सव पर्व मनाया जाता है।

सीएम डॉ मोहन यादव ने लिखा- आपकी उपस्थिति से नयी शक्ति मिलेगी

प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया X पर आनंदपुर धाम आने की जानकारी शेयर की है, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए उनके ट्वीट को री ट्वीट करते हुए लिखा- आपका आगमन हम सबके लिए आनंद और उत्साह से भर देने वाला है। निश्चित रूप से आपकी उपस्थिति से मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत को अक्षुण्ण बनाये रखने के हमारे प्रयासों को नयी शक्ति मिलेगी। मध्य प्रदेश पर निरंतर विकास और विश्वास के आशीर्वाद की वर्षा के लिए समस्त नागरिकों की ओर से आपका हृदय से अभिनन्दन करता हूँ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews