वायरल वीडियो पर सियासी बवाल, इमरती देवी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस

वायरल वीडियो पर सियासी बवाल, इमरती देवी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| मध्य प्रदेश (Madhyapradesh) में उपचुनाव (Byelection) के एलान से पहले ही प्रदेश की सियासत का पारा उछाल मार रहा है| एक तरफ बयानों की बौछार है, तो वहीं बयानों पर सवाल भी सियासी मुद्दा बन रहे हैं| प्रदेश की महिला और बाल विकास मंत्री इमरती देवी (Imarti devi) का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिस पर प्रदेश की सियासत में भूचाल आ गया है| कांग्रेस (Congress) इस मामले में चुनाव आयोग पहुँच गई है|

दरअसल, सोशल मीडिया पर मंत्री इमरती देवी का एक वीडियो वायरल हो रहा है| इस वीडियो में मंत्री अपने क्षेत्र के ग्रामीणों से कह रही हैं कि सरकार का यह असर होता है कि वह जिस कलेक्टर से कहे वह सीट उसकी हो जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा गर्म हो गई है। वहीं वायरल वीडियो के दिए गए बयान को आधार बनाकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इमरती देवी के खिलाफ शिकायत की है। इसके अलावा कांग्रेस ने कहा है कि गैर विधायक 14 मंत्रियों को हटाया जाए क्योंकि ये पद का दुरुपयोग कर सकते हैं। साथ ही शिकायत में ग्वालियर में कल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पोस्टर हटाने की भी शिकायत की गई है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नाम दिए पत्र में कांग्रेस ने कहा है भाजपा द्वारा 14 ऐसे व्यक्तियों को मंत्री बनाया गया है जो विधायक नहीं है तथा उनके विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव में प्रत्याशी है और वे नाम मात्र के लिए मंत्री प्रदेश स्तर के हैं | लेकिन वास्तविकता यह है कि उनके द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ही मंत्री पद का प्रभार डालकर शासकीय तंत्र एवं मशीनरी का दुरुपयोग करना प्रारंभ कर दिया गया है|

कांग्रेस ने कहा कि मंत्री एवं डबरा से भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए खुले रूप से घोषणा की है कि हमें केवल 8 सीट जीतना है और उन्हें 27 सीटें जितनी है, सत्ता सरकार का इतना बहुमत तो होता ही है कि सत्ता सरकार कलेक्टर से कहेगी जे सीट हमें चाहिए वह हमें मिल जाएगी। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार की विधानसभा के उपचुनाव को लेकर नीति और नियत में खोट है और इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि प्रस्तावित विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में प्रशासनिक अधिकारियों का खुलकर दुरुपयोग किया जाएगा| कांग्रेस ने चुनाव आयोग से उन 14 मंत्रियों को जो उपचुनाव में प्रत्याशी है, उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews