बासमती GI टैग मामले में सियासत, अब कमलनाथ भाजपा सरकार पर बरसे

बासमती GI टैग मामले में सियासत, अब कमलनाथ भाजपा सरकार पर बरसे

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट
उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में किसानों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है| इस बार सियासत में पंजाब के मुख्यमंत्री को लेकर वार पलटवार शुरू हो गया है| पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Punjab CM Amarinder Singh) ने मध्य प्रदेश के बासमती चावल की जीआई (जियोग्राफिकल इंडिकेशन) टैगिंग देने पर आपत्ति जताई है| प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की है| जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने इसकी निंदा करते हुए ट्वीट कर पूछा कि आखिर उनकी मध्यप्रदेश के किसान बन्धुओं से क्या दुश्मनी है| अब इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) ने भाजपा पर निशाना साधा है| उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा हर मामले में झूठ बोलने व झूठ फैलाने में माहिर है।

कमलनाथ ने ट्वीट कर लिख-भाजपा हर मामले में झूठ बोलने व झूठ फैलाने में माहिर है। मध्यप्रदेश के बासमती चावल को जी.आई टेग मिले , मैं व मेरी सरकार सदैव से इसकी पक्षधर रही है और मैं आज भी इस बात का पक्षधर हूँ कि यह हमें ही मिलना चाहिये। मैं सदैव प्रदेश के किसानो के साथ खड़ा हूँ , उनके हितो के लिये लड़ता रहूँगा , इसमें कोई सोचने वाली बात ही नहीं है। बासमती चावल को जी.आई.टेग मिले , इसकी शुरुआत ऐपिडा ने नवम्बर 2008 में की थी। उसके बाद 10 वर्षों तक प्रदेश में भाजपा की सरकार रही। जिसने इस लड़ाई को ठीक ढंग से नहीं लड़ा। जिसके कारण हम इस मामले मे पिछड़े। केन्द्र व राज्य में भाजपा की सरकार के दौरान ही 5 मार्च 2018 को जी.आई.रजिस्ट्री ने मध्यप्रदेश को बासमती उत्पादक राज्य मानने से इंकार किया।

15 माह की सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे
उन्होंने आगे लिखा- प्रदेश हित की इस लड़ाई में अपनी सरकार के दौरान 10 वर्ष पिछड़ने वाले आज हमारी 15 माह की सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे है , कितना हास्यास्पद है। हमने हमारी 15 माह की सरकार में इस लड़ाई को दमदारी से लड़ा। अगस्त 2019 में इस प्रकरण में हमारी सरकार के समय हुईं सुनवाई में हमने दृढ़ता से शासन की ओर से अपना पक्ष रखा था। पंजाब के मुख्यमंत्री वहाँ के किसानों की लड़ाई लड़ रहे है।

कांग्रेस-भाजपा वाली कुछ बात नहीं
पूर्व सीएम ने कहा – मैं प्रदेश के किसानो के साथ खड़ा हूँ , सदैव उनकी लड़ाई को लड़ूँगा। इसमें कांग्रेस – भाजपा वाली कुछ बात नहीं है। इस हिसाब से तो केन्द्र में तो वर्तमान में भाजपा की सरकार है , फिर राज्य की अनदेखी क्यों हो रही है ?

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews