भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम का विरोध, अनुमति रद्द करने की मांग, पढ़ें खबर

भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विरोध शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार की मांग की है।
Asaduddin Owaisi

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) का 15 सिंतबर को भोपाल दौरा है। लेकिन उनके आगमन से पहले ही कार्यक्रम का विरोध शुरू हो गया है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग की है।

बता दें कि मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने गृह मंत्री, कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपकर कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द का हवाला दिया है। कमेटी ने संबंधित कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की है। कमेटी का कहना है कि प्रस्तावित कार्यक्रम से शहर की कानून व्यवस्था और गंगा-जमुना तहजीब प्रभावित होने की आशंका है।

ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार की मांग

कमेटी ने कहा कि यदि टी. राजा के कार्यक्रम को कानून व्यवस्था का हवाला देकर अनुमति नहीं दी गई थी तो फिर असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को भी अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। कमेटी ने प्रशासन से इस मामले में कार्यक्रम की अनुमति पर पुनर्विचार करने की मांग की है। कमेटी ने पत्र में लिखा कि असदुद्दीन ओवैसी के पूर्व के सार्वजनिक भाषणों एवं बयानों को लेकर विवाद की स्थितियां उत्पन्न होने की खबरें सामने आती रही हैं। वर्तमान में गणेश उत्सव का समय होने के कारण धार्मिक भावनाओं से जुड़ा वातावरण है। ऐसे में अगर उन्होंने किसी की भावनाओं से जुड़ा बयान दिया तो उससे अनावश्यक तनाव उत्पन्न होने तथा शहर के शांतिपूर्ण वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

आवैसी के भोपाल कार्यक्रम की जानकारी

गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी का कार्यक्रम सेंट्रल लाइब्रेरी, भोपाल में होना है। मध्य प्रदेश में AIMIM द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) कानून के विरोध में 15 दिनों का जन-जागरूकता अभियान और विरोध मार्च चलाया जा रहा है। जिसका समापन भी इसी कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा।

इसके साथ ही प्रदेश में हो रही जुल्म, नाइंसाफी और संवैधानिक अधिकारों के हनन के मुद्दों पर आवाज बुलंद की जाएगी। प्रदेश में विकास के नाम पर मस्जिदों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को हटाने, मकानों पर कार्रवाई, मुसलमानों के खिलाफ मुकदमों तथा मॉब लिंचिंग जैसे गंभीर मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews