
Jitu Patwari
राहुल गांधी को खुलेआम जान से मारने की धमकी देने के मामले पर कांग्रेस हमलावर है। हाल ही में खुद को गोरक्षक और कथित रूप से करणी सेना से जुड़ा कार्यकर्ता बताने वाले एक व्यक्ति ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को उनके घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दी। इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसे लेकर एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कोटा पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस धमकी भरे वीडियो के मामले में राजा आमेरा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। ये भी बताया जा रहा है कि आरोपी ने कहा है कि वो वीडियो फेक है। उसने खुद को सनातन धर्म से जुड़ा और हिंदू राष्ट्र बनाने का समर्थक बताया, लेकिन ऐसा किसी वीडियो बनाने से इनकार किया है। हालांकि इस बारे में पुलिस द्वारा आधिकारिक रूप से अभी कोई बयान सामने नहीं आया है।
राहुल गांधी को दी खुलेआम जान से मारने की धमकी
एक व्यक्ति ने वीडियो जारी करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ सांसदों को खुली धमकी दी है। इस व्यक्ति का नाम राजा आमेरा बताया जा रहा है, जो खुद को गोरक्षक और कथित रूप से करणी सेना का कार्यकर्ता बताता है। वीडियो में उसने आरोप लगाया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ कांग्रेस सांसदों ने अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की। उसने धमकी दी कि अगर ऐसी घटना दोबारा हुई या कांग्रेस सांसदों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वो राहुल गांधी के घर में घुसकर गोली मार देगा और पच्चीस कांग्रेस सांसदों के घरों में तोड़फोड़ करेंगे। उसने कहा कि अगर इसके बाद उसे जेल भी हो जाए तो उसे कोई दिक्कत नहीं है।
जीतू पटवारी ने की कार्रवाई की मांग
इस वीडियो के वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश में कानून व्यवस्था मजाक बनकर रह गई है, जब सत्ताधारी दल से जुड़ा बताया जा रहा एक व्यक्ति खुलेआम नेता प्रतिपक्ष और सांसदों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि क्या लोकतंत्र में असहमति की आवाज को इस तरह डराया जाएगा। इसी के साथ उन्होंने इस शख्स पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
गृह मंत्री @AmitShah जी, क्या देश में कानून व्यवस्था मजाक बनकर रह गई है?
आपकी ही पार्टी से जुड़ा एक व्यक्ति आदरणीय नेता प्रतिपक्ष श्री @RahulGandhi जी और कांग्रेस के 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। क्या लोकतंत्र में सच की आवाज को अब इस तरह डराया जाएगा?
कांग्रेस तो… pic.twitter.com/HVQyTGWFg2
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) February 19, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

