MP Breaking News

राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, बोले “युवाओं के हक की हुंकार गूंजेगी”

मध्यप्रदेश में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सियासी हलचल तेज है। राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों और नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
Leader of the Opposition Umang Singhar

Umang Singhar

राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले कांग्रेस विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े रोजगार के सवालों को लेकर वो लगातार सरकार को घेर रही है। एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इन मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरी की तैयारी में वर्षों मेहनत करने वाले युवाओं को अपने अधिकार और रोजगार की मांग के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अब छात्रों की आवाज दबेगी नहीं। इंदौर से युवाओं के हक की हुंकार गूंजेगी और भाजपा सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

उमंग सिंघार ने सरकार से किए सवाल

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि व्यापमं, पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती, शिक्षक भर्ती और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में युवा लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने PESA मोबिलाइजर के रोजगार से जुड़े मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि अलग-अलग स्तर पर युवाओं के सामने रोजगार से जुड़ी समस्याएं खड़ी हैं। उन्होंने सरकार पर युवाओं की समस्याओं को लेकर केवल दावे करने का आरोप लगाया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी परीक्षा की प्रक्रिया पर भरोसा करके वर्षों मेहनत करते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी या पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बनती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के इन सवालों का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

“इंदौर से युवाओं के हक की हुंकार गूंजेगी”

उमंग सिंघार ने कहा कि इन्हीं छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने के लिए राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान युवाओं के रोजगार और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा है कि इंदौर से छात्रों और युवाओं के हक की आवाज बुलंद होगी और भाजपा सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha
Follow Us :GoogleNews