
Umang Singhar
राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले कांग्रेस विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर हमलावर है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और युवाओं से जुड़े रोजगार के सवालों को लेकर वो लगातार सरकार को घेर रही है। एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इन मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरी की तैयारी में वर्षों मेहनत करने वाले युवाओं को अपने अधिकार और रोजगार की मांग के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि अब छात्रों की आवाज दबेगी नहीं। इंदौर से युवाओं के हक की हुंकार गूंजेगी और भाजपा सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
उमंग सिंघार ने सरकार से किए सवाल
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि व्यापमं, पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती, शिक्षक भर्ती और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मामलों में युवा लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने PESA मोबिलाइजर के रोजगार से जुड़े मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि अलग-अलग स्तर पर युवाओं के सामने रोजगार से जुड़ी समस्याएं खड़ी हैं। उन्होंने सरकार पर युवाओं की समस्याओं को लेकर केवल दावे करने का आरोप लगाया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी परीक्षा की प्रक्रिया पर भरोसा करके वर्षों मेहनत करते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी या पेपर लीक जैसी घटनाएं उनके लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बनती हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के इन सवालों का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
“इंदौर से युवाओं के हक की हुंकार गूंजेगी”
उमंग सिंघार ने कहा कि इन्हीं छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने के लिए राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान युवाओं के रोजगार और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा है कि इंदौर से छात्रों और युवाओं के हक की आवाज बुलंद होगी और भाजपा सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा।
मध्यप्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और भ्रष्टाचार ने लाखों युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़ा कर दिया है। नौकरी की तैयारी में सालों मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को हमने अपने हक और रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर आंदोलन करते देखा है, लेकिन भाजपा सरकार उनकी आवाज सुनने…
— Umang Singhar (@UmangSinghar) September 15, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

