
Bhopal-Khajuraho and Rani Kamlapati-Adhartal Express
रेल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा विकसित ‘‘रेल मदद’’ ऐप अब एक प्रभावशाली डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में यात्रियों के बीच अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रहा है। यह ऐप यात्रियों को उनकी यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान हेतु एकीकृत, सरल और पारदर्शी माध्यम उपलब्ध कराता है।
केंद्रीकृत शिकायत निवारण प्रणाली
‘‘रेल मदद’’ ऐप भारतीय रेलवे की एक केंद्रीकृत शिकायत निवारण प्रणाली है, जिसकी सहायता से यात्री न केवल मोबाइल ऐप के माध्यम से, बल्कि वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर 139, एसएमएस, ईमेल और सोशल मीडिया जैसे विभिन्न माध्यमों से भी अपनी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। शिकायत दर्ज करने पर यात्री को एक यूनिक ट्रैकिंग नंबर प्रदान किया जाता है, जिससे वे अपनी शिकायत की स्थिति को ट्रैक कर सकते हैं।
यात्री त्वरित सहायता के लिए इस ऐप का सहारा ले सकते है…
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से यात्री स्टेशन या ट्रेन में होने वाली समस्याएं जैसे साफ-सफाई, शौचालय की स्थिति, पैंट्री सेवाएं, एसी या लाइट की खराबी, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट की समस्या, स्टाफ का व्यवहार, महिला सुरक्षा, यात्री सामान की चोरी, जहरखुरानी जैसी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। किसी दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी या असामान्य स्थिति में भी यात्री त्वरित सहायता के लिए इस ऐप का सहारा ले सकते हैं।
इस ऐप की प्रमुख विशेषता
‘‘रेल मदद’’ ऐप की एक प्रमुख विशेषता यह है कि दर्ज की गई शिकायतें स्वतः संबंधित स्टेशन अथवा विभाग को अग्रेषित हो जाती हैं, जिससे समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। साथ ही, मंडल, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर इसकी निगरानी की त्रिस्तरीय व्यवस्था भी की गई है, जिससे शिकायत निवारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति दोनों ही बनी रहती है। इस ऐप का इंटरफेस सरल और उपयोगकर्ता अनुकूल है। यात्री इसे गूगल प्ले स्टोर से नि:शुल्क डाउनलोड कर सकते हैं। रेल प्रशासन सभी यात्रियों से अपील करता है कि किसी भी असुविधा की स्थिति में वे ‘‘रेल मदद’’ ऐप का उपयोग करें। यह डिजिटल माध्यम उनकी शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान में सहायक सिद्ध होगा तथा उनकी यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगा।
