मध्यप्रदेश में निगम और मंडलों में नियुक्तियों का क्रम जारी है। अब पूर्व मंत्री राम निवास राव और पूर्व सांसद केपी यादव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार (25 अप्रैल 2026) को मप्र शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, कांग्रेस से बीजेपी में आए रामनिवास रावत को वन विकास निगम लिमिटेड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं लोकसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले गुना के पूर्व सांसद केपी यादव को मप्र स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन अध्यक्ष बनाया गया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट कटने के बाद यह उनका बड़ा राजनीतिक पुनर्वास है। उनकी नियुक्ति 2 साल के लिए की गई है।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त संजय नगाइच को मप्र वेयर हाउसिंग लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन संचालक बनाया गया है। वे एमपी बीजेपी में सहयोग सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इनका कार्यकाल तीन साल का होगा।
भिंड बीजेपी पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कांकर को उपाध्यक्ष बनाया है, इनका कार्यकाल दो साल का होगा। बीजेपी के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री केशव भदौरिया को महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। भदौरिया बीजेपी के प्रदेश मंत्री भी रह चुके हैं।
मोहन सरकार ने इन नियुक्तियों के जरिए क्षेत्रीय और जातिय समीकरणों को साधने की कोशिश की है। इन सभी नियुक्तियों में ‘कैबिनेट मंत्री’ और ‘राज्य मंत्री’ का दर्जा देकर नेताओं के प्रोटोकॉल का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इससे पहले 23-24 अप्रैल 2026 को एसटी और एससी आयोग के अध्यक्षों के साथ कई अन्य पदों पर नियुक्तियां की गई थीं।








